दबिश देने गई हरियाणा पुलिस पर किया हमला, दो महिला हेड कांस्टेबल घायल

Hapur News : दबिश देने गई हरियाणा पुलिस पर किया हमला, दो महिला हेड कांस्टेबल घायल

दबिश देने गई हरियाणा पुलिस पर किया हमला, दो महिला हेड कांस्टेबल घायल

Tricity Today | महिला हेड कांस्टेबल

Hapur : दहेज उत्पीड़न के मामले में दबिश देने के लिए थाना देहात क्षेत्र के गांव पटना मुरादपुर में पहुंची हरियाणा पुलिस टीम पर आरोपियों ने हमला कर दिया। आरोप है कि इस दौरान टीम द्वारा गिरफ्तार की गई महिला को आरोपियों ने मौके से भगा दिया। हमले में टीम में शामिल दो महिला हेड कांस्टेबल घायल हो गईं। किसी तरह टीम थाने पहुंची और पुलिस को सूचना दी। हरियाणा पुलिस की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं,आरोपी फरार हो गए हैं।

क्या है मामला
पुलिस के अनुसार हरियाणा के जिला फरीदाबाद की रहने वाले सुरेश पाल की पुत्री अंशु की शादी चार दिसंबर 2011 को थाना देहात क्षेत्र के गांव मुरादपुर के रहने वाले विपिन के साथ हुई थी। 9 मई 2022 को अंशु ने फरीदाबाद के महिला थाना में पति समेत ससुराल पक्ष के संजीव, धनदेवी, मोनिका के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला का आरोप था कि उसे तलाक दिए बिना पति विपिन ने एक अधिवक्ता से दूसरी शादी कर ली थी। पुलिस के अनुसार ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए पीड़िता का उत्पीड़न करते थे। 19 सितंबर 2013 को आरोपियों ने पीड़िता के पुत्र को छीनकर घर से निकाल दिया था। जिसके बाद से वह मायके में रह रही है। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी थी । न्यायालय में पेश न होने पर 4 मार्च 2023 को नामजद आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए थे।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए फरीदाबाद के महिला थाने से हेड कांस्टेबल सम्मत, रेनू, सतीश व कांस्टेबल नरेश शनिवार दोपहर गांव मुरादपुर में दबिश के लिए पहुंचे थे। पुलिस टीम ने मोनिका को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया था। इस दौरान आरोपी पक्ष के लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमले में टीम में शामिल हेड कांस्टेबल सम्मत और रेनू घायल हो गईं। मामला गंभीर होते देखकर पुलिस टीम किसी तरह थाना देहात पहुंची और पुलिस को सूचना दी। मामले की जानकारी पर देहात पुलिस आरोपियों के घर पहुंची, लेकिन वह फरार हो चुके थे। मामले में हरियाणा पुलिस की तहरीर पर मोनिका और छह अज्ञात आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। घायल महिला पुलिस कर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.