गाजियाबाद : बेकाबू ट्रक से टक्कर में कार के परखच्चे उड़े, 3 की मौत और 5 घायल

गाजियाबाद : बेकाबू ट्रक से टक्कर में कार के परखच्चे उड़े, 3 की मौत और 5 घायल

गाजियाबाद : बेकाबू ट्रक से टक्कर में कार के परखच्चे उड़े, 3 की मौत और 5 घायल

Tricity Today |

गाजियाबाद के निवाड़ी क्षेत्र में गंगनहर पटरी मार्ग पर देर रात करीब एक बजे बेकाबू ट्रक और अर्टिगा कार की आमने-सामने जबरदस्त भिडंत हो गई। हादसे में अर्टिगा सवार पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई है। जबकि, 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनको उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। ट्रक की गति इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। वहीं, ट्रक दीवार को तोड़कर गंगनहर में गिर गया। इसमें ट्रक के चालक और सहायक भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनको भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नजीबाबाद (बिजनौर) के मंडावली स्थित नरैनपुरा निवासी अलताफ मकानों की रंगाई-पुताई का काम करते थे। वे काफी समय से गुरूग्राम स्थित दौलताबाद फ्लाइओवर के निकट सेक्टर-104 के टेकचंद नगर में अपने परिवार सहित रहते थे। सोमवार की रात वह अपनी पत्नी जीनत, बेटे अफ्फान, बेटी मोसरा व नुज्जी, रिश्तेदार फारूख और अफसाना के साथ नजीबाबाद रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में अर्टिगा कार से शामिल होने जा रहे थे। कार उनका रिश्तेदार नसीम चला रहा था। 

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक करीब एक बजे के आसपास गंगनहर पटरी मार्ग पर जब कार अबूपुर गांव से थोड़ा आगे पहुंची तो सामने से आ रहे बेकाबू ट्रक ने उनको टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। जबकि, ट्रक गंगनहर के किनारे बनी सीमेंट की मोटी दीवार को तोड़कर गंगनहर में गिरकर पलट गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में सभी को मुरादनगर के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां अलताफ, जीनत, कार चालक नसीम को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल अफ्फान, मोसरा, नुज्जी, फारूख, अफसाना को मुरादनगर के आइटीएस अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। 

पुलिस ने बताया कि फारूख, अफसाना को प्राथमिक उपचार के बाद होश आ गया है। वहीं, अन्य का उपचार अभी चल रहा है। उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने छानबीन के बाद शवों को पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी है। सूचना के बाद रिश्तेदारों और परिजनों में कोहराम मच गया। ट्रक को सद्दाम निवासी नूनागढ़ी (जिला सहारनपुर) चला रहा था। उसके साथ शाहरूख निवासी देवबंद (जिला सहारनपुर) बतौर सहायक मौजूद था। हादसे में दोनों ही गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उनको सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। होश में आने पर प्रत्यक्षदर्शी अफसाना ने बताया कि ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि पलक झपटकते ही घटना घट गई और किसी को कुछ भी सोचने का मौका ही नहीं मिला।

उन्होंने बताया कि दूसरी कार में रिश्तेदारी के कुछ और लोग भी उसी शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। दिल्ली से सभी लोग साथ चले थे। लेकिन वे उनसे कुछ पीछे छूट गए। जाम रहने के चलते सभी ने रात को निकलने की योजना बनाई थी। अफसाना ने बताया कि अलताफ ने निकलने से पहले अलसुबह चलने की बात कही थी। लेकिन फिर सभी ने उनकी बात काट दी और सभी रात को ही निकल गए। मोर्चरी पहुंचे परिजनों ने बताया कि शायद उनको मौत ही वहां खींचकर ले आई थी। सीओ मोदीनगर ने बताया कि सड़क हादसे की रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। ट्रक चालक और सहायक का भी उपचार चल रहा है। होश आने के बाद घायलों से पूछताछ के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। निवाड़ी थाना पुलिस को आदेश दिए गए हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.