गाजियाबाद पहुंचे चिकित्सा मंत्री सुरेश खन्ना, बोले- कोरोना को रोकने के साथ अर्थव्यवस्था को गति देनी होगी

गाजियाबाद पहुंचे चिकित्सा मंत्री सुरेश खन्ना, बोले- कोरोना को रोकने के साथ अर्थव्यवस्था को गति देनी होगी

गाजियाबाद पहुंचे चिकित्सा मंत्री सुरेश खन्ना, बोले- कोरोना को रोकने के साथ अर्थव्यवस्था को गति देनी होगी

Tricity Today | गाजियाबाद पहुंचे चिकित्सा मंत्री सुरेश खन्ना

उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा और शहरी विकास मंत्री सुरेश खन्ना सोमवार को गाजियाबाद पहुंचे। सुरेश खन्ना ने जिला प्रशासन, स्वास्थ विभाग, नगर निगम, पुलिस और विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। सुरेश खन्ना ने अधिकारियों से कहा कि अब दो मोर्चों पर एक साथ काम करना है। एक और कोरोनावायरस को नियंत्रित करना होगा और दूसरी ओर अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाना है।

सुरेश खन्ना गाजियाबाद के प्रभारी मंत्री भी हैं। उन्होंने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। कहा, "जिले के लोगों को वायरस के संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए अच्छी स्वास्थ्य व्यवस्थाएं दी जाएं। साथ ही जिले की अर्थव्यवस्था को भी गति देनी है। जिले में निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। औद्योगिक इकाइयों को पूरी क्षमता के साथ संचालित करें।" मंत्री ने कहा, "कोरोनावायरस को रोकने में उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। डॉक्टरों और विशेषज्ञों के अनुमान से बहुत कम संख्या में लोग संक्रमित हुए हैं।"

अस्पतालों को दोबारा शुरू करें, टेलीमेडिसिन पर जोर दें

सुरेश खन्ना ने कहा कि पिछले ढाई महीने से ज्यादा वक्त लॉकडाउन में व्यतीत हुआ है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोगों को स्वास्थ्य संबंधित परेशानियां हो रही हैं। अब बहुत जरूरी है कि जिले के सभी प्राइवेट और सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह लोगों को उपलब्ध करवाई जाएं। उन्होंने टेलीमेडिसिन पर खास जोर देने की जरूरत बताई। इस पर गाजियाबाद के जिलाधिकारी डॉ अजय शंकर पांडेय ने उन्हें बताया कि टेलीमेडिसिन की सुविधा जिले में 11 मई 2020 को शुरू कर दी गई थी। जिसमें 94 कुशल डॉक्टर काम कर रहे हैं। वह अब तक 984 मरीजों का उपचार इस सुविधा के माध्यम से कर चुके हैं।

कोरोना को रोकने के लिए प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करें

सुरेश खन्ना ने जिला प्रशासन पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा, "जहां कहीं भी कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्ति मिले, उसे तत्काल कोविड-19 अस्पताल भेजा जाए। उसके संपर्क में आने वाले लोगों को क्वॉरेंटाइन किया जाए। कंटेनमेंट जोन में सभी नियमों का सख्ती से पालन करवाया जाए।" उन्होंने कहा कि कोविड-19 का संक्रमण रोकने के लिए सरकार और विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से जारी किए गए प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया जाना चाहिए। सैनिटाइजेशन ड्राइव, कंटेनमेंट ड्राइव और सोशल डिस्टेंसिंग से आम आदमी को जागरूक करवाने के लिए अभियान छेड़ा जाए।

औद्योगिक इकाइयां और निर्माण गतिविधियां तुरंत शुरू करनी होंगी

सुरेश खन्ना ने कहा, "कोरोना वायरस को रोकने के साथ-साथ हमें आर्थिक गतिविधियों पर भी जोर देना है। निर्माण गतिविधियों को तत्काल शुरू करवा दिया जाए। सभी औद्योगिक इकाइयों को पूरी क्षमता के साथ शुरू करवाया जाए। उद्यमियों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं आनी चाहिए। "उन्होंने आगे कहा, "गाजियाबाद राज्य का एक बड़ा औद्योगिक शहर है। जिसकी राज्य की अर्थव्यवस्था में बड़ी हिस्सेदारी है। लिहाजा, गाजियाबाद की आर्थिक गतिविधियां पूरी गति के साथ दोबारा पटरी पर वापस आनी चाहिएं।"

प्रवासी श्रमिकों को रोजगार मुहैया करवाने की बड़ी जरूरत

सुरेश खन्ना ने कहा कि जिन लोगों को अपने घर वापस लौटना था, वह जा चुके हैं। अब जिले में जो प्रवासी श्रमिक बचे हैं, उन्हें रोजगार की बड़ी आवश्यकता है। यह जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है कि उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाएं। प्रभारी मंत्री ने पूरा जोर दिया कि प्रवासी श्रमिक अब अपने घर के लिए प्रस्थान नहीं करें। उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने की पहल सभी अधिकारियों को करनी चाहिए। इस बैठक में गाजियाबाद के जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी, मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल, नगर आयुक्त दिनेश चंद्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर एनके गुप्ता और मुख्य कोषाधिकारी लक्ष्मी मिश्रा मौजूद रहे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.