मासूम की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस के साथ की धक्का-मुक्की, बदले में हुआ मुकदमा दर्ज

नोएडा से बड़ी खबर : मासूम की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस के साथ की धक्का-मुक्की, बदले में हुआ मुकदमा दर्ज

मासूम की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस के साथ की धक्का-मुक्की, बदले में हुआ मुकदमा दर्ज

Google Photo | Symbolic Photo

Noida News : एक सड़क हादसे में 8 वर्षीय बच्चे की मौत के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ झड़प की। जिसके बाद पुलिस ने 10-15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना फेस तीन के प्रभारी राजकुमार ने जानकारी दी कि सेक्टर-67 के पास होटल अरेंज पाई के सामने झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले धर्मराज को एक अज्ञात टेंपो चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

क्या है पूरा मामला
घटना की सूचना मिलने के बाद उप-निरीक्षक अरविंद सिंह अपनी टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचने पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मृतक बच्चे के परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिसकर्मियों पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया और उन्हें धक्का-मुक्की की। पुलिस का कहना है कि भीड़ ने एक राय होकर पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई।

10-15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
इस घटना के बाद उप-निरीक्षक अरविंद सिंह ने थाना फेस-तीन में शिकायत दर्ज कराई। जिसमें उन्होंने बताया कि 10-15 लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया और सरकारी कार्य में बाधा डाली। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 186 (सरकारी कार्य में बाधा डालना) और 332 (लोक सेवक को उसकी ड्यूटी से रोकने के लिए चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

दोषी टेंपो चालक की गिरफ्तारी की मांग
पुलिस का कहना है कि आरोपी लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मृतक बच्चे के परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषी टेंपो चालक की गिरफ्तारी की मांग की है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की। जिसके कारण उनका गुस्सा भड़क गया।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.