गौतमबुद्ध नगर भाजपा को मिला ज़मीनी जिलाध्यक्ष, नोएडा में जारी रहेगा मनोज गुप्ता का दौर

BIG BREAKING : गौतमबुद्ध नगर भाजपा को मिला ज़मीनी जिलाध्यक्ष, नोएडा में जारी रहेगा मनोज गुप्ता का दौर

गौतमबुद्ध नगर भाजपा को मिला ज़मीनी जिलाध्यक्ष, नोएडा में जारी रहेगा मनोज गुप्ता का दौर

Tricity Today | गजेंद्र मावी, मनोज गुप्ता

Noida News : भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव से ठीक पहले संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने शुक्रवार की सुबह नए जिलाध्यक्षों की घोषणा की है। इनमें गौतमबुद्ध नगर का जिलाध्यक्ष गजेंद्र मावी को नियुक्त किया गया है। गजेंद्र मावी भाजपा के ज़मीनी कार्यकर्ता हैं और लंबे अरसे से संगठन के लिए काम कर रहे हैं। मावी ने छात्र जीवन से भाजपा के लिए काम शुरू किया था। इसके बाद वह भाजपा युवा मोर्चा में लंबे वक़्त तक कार्यरत रहे। किसान मोर्चा और ओबीसी मोर्चा में भी काम करने का अच्छा अनुभव है। दूसरी ओर नोएडा में मौजूदा महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता का दौर जारी रहेगा। हालांकि, मनोज गुप्ता और उनके परिवार पर तमाम तरह के आरोप लग रहे हैं। गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉक्टर महेश शर्मा की बदौलत मनोज गुप्ता एक बार फिर जिलाध्यक्ष बनने में क़ामयाब हुए हैं।

कौन हैं गजेंद्र मावी
छात्र राजनीति में सक्रिय रहे गजेंद्र सिंह मावी ग्रेटर नोएडा शहर के बीचोंबीच बिरौंडा गांव के निवासी हैं। गजेंद्र मावी क़रीब 20 वर्षों से भाजपा में सक्रिय हैं। वर्ष 2008-2011 तक भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रहे हैं। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष रहे हैं। भाजपा किसान मोर्चा और भाजपा ओबीसी मोर्चा में कई पदों पर काम किया है।

कौन हैं मनोज गुप्ता
मनोज गुप्ता भारतीय जनता पार्टी नोएडा के मौजूदा महानगर अध्यक्ष हैं। शहर के कारोबारी परिवार से ताल्लुक़ रखते हैं। गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉक्टर महेश शर्मा के क़रीबी हैं। सांसद की बदौलत दूसरी बार महानगर अध्यक्ष बनने में क़ामयाब हुए हैं। मनोज गुप्ता को लेकर संगठन में विरोध के स्वर फूटते रहते हैं। भारतीय जनता पार्टी में जानकारों का कहना है कि मनोज अपनी सुविधा के मुताबिक़ सांसद और दूसरे नेताओं के साथ रिश्तों को अपनी जरूरत के मुताबिक सहज बनाने में माहिर हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.