37 मिनट तक बंधक बनाकर वसूले 37.68 लाख रुपये, जानिए किसने दिया वारदात को अंजाम 

नोएडा में रिटायर्ड मेजर जनरल डिजिटल अरेस्ट : 37 मिनट तक बंधक बनाकर वसूले 37.68 लाख रुपये, जानिए किसने दिया वारदात को अंजाम 

37 मिनट तक बंधक बनाकर वसूले 37.68 लाख रुपये, जानिए किसने दिया वारदात को अंजाम 

Google Image | Symbolic Image

Noida News : नोएडा में रहने वाले एक आर्मी के रिटायर्ड मेजर जनरल को डिजिलट अरेस्ट करने का मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने करीब 37 मिनट तक पीडित को डिजिटल अरेस्ट कर उनसे करीब 37.68 लाख रुपये वसूल लिए। पीड़ित की शिकायत पर नोएडा साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। 

डरा-धमकाकर किया डिजिटल अरेस्ट 
रिटायर्ड मेजर जनरल अमरजीत सिंह ने बताया कि रविवार को शाम साढ़े चार बजे के करीब उनके मोबाइल फोन पर अनजान नंबर से कॉल आई। कॉलर ने कहा कि वह मुंबई से बोल रहा है और उनके नाम पर चार मई को एक कुरियर आया है, जिसमें 200 ग्राम ड्रग्स और पांच पासपोर्ट समेत अन्य सामान है। उसने पार्सल में तीन क्रेडिट कार्ड और कपड़े होने की भी बात कही। आरोपी ने कहा कि कुरियर भेजने के लिए पीड़ित की आधार आइडी का प्रयोग किया गया है। उसने आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर भी बताया। जिसके बाद पीड़ित को विश्वास हो गया। पीड़ित ने कॉलर से कहा कि उनका इस कुरियर से कोई लेना-देना नहीं है। इसके बाद उसने कॉल को साइबर क्राइम सेल में स्थानांतरित कर दी। मामला ड्रग्स तस्करी और मनी लांड्रिंग एक्ट का बताकर पीड़ित को डरा दिया। 

जांच के नाम पर वसूली 
साइबर ठगों ने एक राजनेता के बारे में पीड़ित को बताया कि वह मनी लांड्रिंग के मामले में जेल में हैं। उन्होंने एक फर्जी एफआइआर भी दिखाई। ठगों ने जांच करने के लिए उन्हें मुंबई बुलाया। जालसाजों के कहने पर पीड़ित ने दबाव में आकर दो बार में 37,68,510 रुपये की रकम ट्रांसफर कर दी। कॉल 37 मिनट 45 सेकेंड तक जारी रही। इस दौरान जालसाजों ने पीड़ित को कॉल छोड़कर बाहर नहीं जाने दिया। जालसाजों ने जब पीड़ित पर और पैसे भेजने का दबाव बनाया तो उसे ठगी की आशंका हुई। पैसे वापस मांगने पर जालसाजों ने पीड़ित से संपर्क तोड़ दिया। 

महिला डॉक्टर को भी किया था डिजिटल अरेस्ट 
बीते कई माह से सुस्त पड़े नाइजीरियन गिरोह के जालसाज फिर से सक्रिय हो गए हैं और लगातार ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। बीते दिनों जालसाजों ने एक बुजुर्ग महिला डॉक्टर को डिजिटल अरेस्ट कर उनके साथ 45 लाख रुपये की ठगी की थी।

पुलिस का बयान
साइबर क्राइम थाने के प्रभारी निरीक्षक उमेश नैथानी का कहना है कि नाइजीरियन गिरोह द्वारा ठगी की वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जांच की जा रही है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.