आज भी मृतक के परिवार को इंसाफ की दरकरार, थाना सेक्टर 39 पुलिस पर लगे हैं गंभीर आरोप

नोएडा पुलिस की कस्टडी में तनवीर की मौत : आज भी मृतक के परिवार को इंसाफ की दरकरार, थाना सेक्टर 39 पुलिस पर लगे हैं गंभीर आरोप

आज भी मृतक के परिवार को इंसाफ की दरकरार, थाना सेक्टर 39 पुलिस पर लगे हैं गंभीर आरोप

Tricity Today | 20 मार्च 2024 को पेंटर तनवीर की पुलिस कस्टडी में नोएडा के थाना सेक्टर 39 में हुई थी मौत

Noida News : नोएडा में मार्च 2024 में यानी दो महीने पहले थाना सेक्टर 39 पुलिस की कस्टडी में तनवीर नामक पेंटर की मौत हो गई थी। पुलिस का दावा है कि कस्टडी में तबियत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उसकी मौत हो गई। लेकिन परिवार को पुलिस की इस कहानी पर विश्वास नहीं है। परिवार का आरोप है कि पुलिस की पिटाई से ही तनवीर की मौत हुई है। 

मजिस्ट्रीयल जांच के हुए आदेश 
वहीं, मामले को देखते हुए अब इस मामले की मजिस्ट्रीयल जांच होगी। इसके लिए उप जिलाधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इस घटना के संबंध में कोई जानकारी है या कोई व्यक्ति अपना मौखिक या लिखित साक्ष्य बयान देना चाहता है तो वह 20 मई 2024 तक किसी भी समय पर कार्यालय में उपस्थित होकर बयान दे सकते हैं।

पुलिस ने बताया था हार्ट अटैक से मौत 
मृतक 35 वर्षीय तनवीर बिहार के अररिया का रहने वाला था। तनवीर अपने परिवार के साथ छलेरा गांव में किराए पर रहता था। 19 मार्च को थाना सेक्टर-39 पुलिस ने तनवीर को शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था। 20 मार्च को सुबह करीब 4:20 बजे हवालात में पेट दर्द की शिकायत होने पर उसे जिला अस्पताल सेक्टर 39 नोएडा ले जाया गया। वहां से उसे दिल्ली के हायर सेंटर सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। 

पुलिस की पिटाई से तनवीर की हुई मौत 
हालांकि, परिजनों का आरोप है कि तनवीर शराब तस्करी में शामिल नहीं था। 19 मार्च की रात वह छलेरा स्थित अपने घर के बाहर घूम रहा था, तभी पुलिस ने उसे शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। परिजनों के मुताबिक गिरफ्तारी के बाद पिटाई से तनवीर को अंदरूनी चोटें आयीं। हवालात में किसी ने उस पर ध्यान नहीं दिया। आरोप है कि उन्होंने पुलिस से भी मदद मांगी थी, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। अब इस घटना की जांच उप जिलाधिकारी दादरी द्वारा की जाएगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.