सैकड़ों की संख्या में मुजफ्फरनगर का त्यागी समाज आएगा नोएडा, पंचायत को दी गति

Shrikant Tyagi Issue : सैकड़ों की संख्या में मुजफ्फरनगर का त्यागी समाज आएगा नोएडा, पंचायत को दी गति

सैकड़ों की संख्या में मुजफ्फरनगर का त्यागी समाज आएगा नोएडा, पंचायत को दी गति

Tricity Today | श्रीकांत त्यागी के समर्थन में त्यागी समाज की पंचायत

Noida | Muzaffarnagar : श्रीकांत त्यागी के समर्थन में त्यागी समाज 21 अगस्त को नोएडा में महापंचायत करने जा रहा है। पंचायत की तैयारी में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के त्यागी समाज जुट गए हैं। बृहस्पतिवार को बुढ़ाना में स्थित उकावली गांव में श्रीकांत त्यागी के समर्थन में पंचायत का आयोजन हुआ। इस पंचायत में समाज की ओर से अधिक से अधिक संख्या में नोएडा चलने का निर्णय लिया गया हैं।

“श्रीकांत के आरोपों की हो जांच”
पंचायत के मुखिया हरिओम त्यागी ने कहा कि एक महिला के आरोपों की जांच करवाए बिना श्रीकांत त्यागी के खिलाफ स्थानीय सांसद डॉ.महेश शर्मा के दबाव में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है, समाज इस प्रकरण को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। महिला के आरोपों की जांच किसी एजेंसी से करवाई जाए। सरकार बिना शर्त के श्रीकांत त्यागी के पर लगे गैंगस्टर एक्ट को हटवाए। वरना 21 अगस्त को नोएडा में महा आंदोलन किया जाएगा।

आंदोलन में हिस्सा लेंगे गाजियाबाद के त्यागी
श्रीकांत त्यागी के ऊपर लगे गंभीर धारा के बाद त्यागी समाज भाजपा से खफा हो रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के त्यागी समाज के लोग बीजेपी का बहिष्कार कर रहे हैं। बहिष्कार की वजह सांसद डॉ. महेश शर्मा बताए जा रहे हैं। समाज का आरोप है कि गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ महेश शर्मा के दबाव में नोएडा पुलिस ने श्रीकांत त्यागी के खिलाफ धाराएं बढ़ाई हैं। अगर श्रीकांत त्यागी की धाराएं कम नहीं की गई तो 21 अगस्त को नोएडा में आंदोलन में हिस्सा लिया जाएगा। इस आंदोलन में गाजियाबाद के डूंडाहेड़ा गांव से हजारों की संख्या में लोग नोएडा पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे।

त्यागी समाज का आरोप
इस प्रकरण के दौरान गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ.महेश शर्मा दो बार हाउसिंग सोसायटी पहुंचे थे। त्यागी समाज का आरोप है कि गौतमबुद्ध नगर के सांसद ने दबाव डाला, जिसकी वजह से श्रीकांत त्यागी पर यह अवैधानिक कार्यवाही की गई है। एक छोटे से विवाद को जानबूझकर सांसद ने तूल दिया है। इसे पूरे घटनाक्रम के विरोध में पश्चिम उत्तर प्रदेश समेत दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा और राजस्थान के त्यागी समाज ने 21 अगस्त को नोएडा पहुंचकर पुलिस कमिश्नरेट का घेराव करने की घोषणा की है। अब इसी सिलसिले में बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर सहारनपुर और गौतमबुद्ध नगर में पंचायतों का दौर चल रहा है।

श्रीकांत त्यागी पर लगी गैंगस्टर
आपको बता दें कि पिछले सप्ताह नोएडा की ओमेक्स ग्रैंड हाउसिंग सोसाइटी में विवाद हो गया था। जिसमें श्रीकांत त्यागी ने एक महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया था। इस मामले को लेकर श्रीकांत त्यागी के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज किए गए। गैंगस्टर अधिनियम भी लगाया गया है। श्रीकांत त्यागी पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी पर ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया था।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.