नोएडा में रेकी कर वारदात को देता था अंजाम, पुलिस ने तीसरी आंख के सहारे दबोचा

नशे के लिए तोड़ दिए 250 मकानों के ताले : नोएडा में रेकी कर वारदात को देता था अंजाम, पुलिस ने तीसरी आंख के सहारे दबोचा

नोएडा में रेकी कर वारदात को देता था अंजाम, पुलिस ने तीसरी आंख के सहारे दबोचा

Tricity Today | पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

Noida News : नोएडा की थाना सेक्टर 24 पुलिस ने शहर में रेकी करके लोगों के घरों में चोरी करने वाले एक चोर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए चोर के पास से करीब 10 लाख रुपये कीमत का सामान बरामद किया गया है। पकड़ा गया चोर नशे के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरे की जांच करने के बाद आरोपी को पहचान कर गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि कई वर्षों से चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा है। आरोपी अब तक 250 मकानों के ताले तोड़कर चोरी कर चुका है। 

गणतंत्र दिवस से दो दिन पहले तोड़ा था मकान का ताला 
थाना प्रभारी विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि 24 जनवरी को सेक्टर 12 में स्थित एक मकान में चोरी की बड़ी वारदात हुई थी। मामले में पीड़ित के द्वारा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। जिसके बाद पूरे मामले की जांच के लिए पुलिस की एक टीम को लगाया गया था। इस दौरान पुलिस की टीम ने जांच करते हुए रविवार को चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान इस्लाम अली उर्फ बोना निवासी सेक्टर 8 के रूप में हुई है। जिसके पास से पुलिस ने तलाशी में पीड़ित के घर से चोरी किए गए तीन जोड़ी पायल,चांदी का सिक्का, लॉकेट ,सोने की चूड़ी,सोने की अगूँठी के साथ ही करीब दस लाख रुपये कीमत की ज्वैलरी को बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

कई वर्षों से रेकी कर चोरी की वारदातों को दे रहा अंजाम 
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्त में आया आरोपी मूलरूप से असम का रहने वाला है। जो कई वर्षों तक आगरा में रहा है, इसके बाद वह सेक्टर आठ स्थित झुग्गी नंबर 368 में आकर रहने लगा। शहर में वह पिछले कई वर्षों से बंद पड़े मकानों की पहले रेकी करता था। जिसके बाद मौका पाते ही मकान का ताला तोड़ करके अंदर घुस कर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। पुलिस ने आरोपी के पास से ताला तोड़ने वाले कई औजारों को बरामद किया है। जिसको वह अपनी पैंट की जेब में रखता था। गिरफ्त में आए आरोपी के नाम शहर में चोरी के सात मामले पहले से दर्ज पाए गए हैं। जिसमें कई बार वह जेल भी जा चुकी है। जेल से वापस आने के बाद आरोपी फिर से चोरी की वारदात को अंजाम देना शुरु कर देता था।

स्मैक,शराब के साथ ही कई प्रकार के नशे का आदी है आरोपी 
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी स्मैक,शराब के साथ ही कई अन्य प्रकार के नशे का आदी है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देता था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हमेशा चोरी की वारदात को अकेले ही अंजाम देता है। जिससे उसको पुलिस पकड़ ना पाए। थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरे की जांच करने के बाद पुलिस ने आरोपी को पहचान लिया। आरोपी ने शहर में कई बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.