बुलंदशहर : वांटेड जिला बदर गुंडों ने घर में घुसकर परिवार को पीटा, पलायन करने के लिए मजबूर

बुलंदशहर | 3 साल पहले |

Tricity Today | जिला बदर गुंडा



Bulandshahr News : बुलंदशहर जिले में अरनिया थाना क्षेत्र के गांव ढकपुरा में बुधवार की रात जिला बदर गुंडों ने उपद्रव किया है। दो आरोपी एक घर में घुस गए। परिवार के मुखिया को बुरी तरह पीटा और जान से मारने की धमकी दी है। इससे पहले भी यह लोग परिवार पर गोलीबारी कर चुके हैं। मामले की शिकायत अरनिया थाना पुलिस से की गई है। अभी तक मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की है। परिवार का कहना है कि वह लोग मजबूर होकर गांव से पलायन करने की तैयारी में है।

ढकपुरा गांव के रहने वाले नरेश कुमार चौहान ने अरनिया थाने के एसएचओ और बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायत भेजी है। उन्होंने बताया कि बुधवार की रात गांव के रहने वाले सौरभ पुत्र सुनील और सुनील पुत्र राजपाल उनके घर में घुस आए। मारपीट और झगड़ा किया। जान से मारने की धमकी दी। उन्हें बुरी तरह पीटा गया है। परिवार के दूसरे सदस्यों ने बीच बचाव करने की कोशिश की तो उनके साथ भी मारपीट की है। नरेश कुमार चौहान का कहना है कि इससे पहले भी आरोपी उनके साथ मारपीट कर चुके हैं। उनके परिवार पर गोलीबारी भी कर चुके हैं।



इन हालात से पूरा परिवार भयाक्रांत है। नरेश चौहान का कहना है कि इन लोगों के लिए मारपीट करना और तमंचा दिखाकर भयाक्रांत करना रोजमर्रा की बात हो गई है। पुलिस से बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्यवाही नहीं होती है। यह लोग गांव में शराब पीकर खुलेआम घूमते हैं। जुआ खेलते हैं। माहौल खराब करने पर कोई विरोध करता है तो उसके साथ मारपीट कर देते हैं। यह लोग गांव में अक्सर उपद्रव करते हैं। सौरभ एक साल पहले ही जेल से छूटकर आया है। उसने गांव के शरीफ लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। 

बड़ी बात यह है कि इन दोनों पर बुलंदशहर पुलिस पहले गुंडा एक्ट में कार्रवाई कर चुकी है। दोनों को जिला बदर भी किया जा चुका है। इसके बावजूद दोनों आरोपी ग्रामीणों को परेशान कर रहे हैं। नरेश कुमार चौहान की शिकायत पर अभी तक अरनिया थाने की पुलिस ने शिकायत दर्ज नहीं की है। गांव वालों का यह भी कहना है कि कुछ पुलिस वाले इन लोगों के संपर्क में रहते हैं। जो गांव में आकर इनके पास उठते बैठते हैं। इससे भी इन बदमाशों का मनोबल बढ़ा हुआ है।

गांव वालों ने बताया कि सौरभ के खिलाफ आठ मुकदमे चल रहे हैं। जिसमें अटेम्प्ट टू मर्डर जैसे संगीन मामले भी हैं। आरोपी कई मुकदमों में वांटेड और फरार चल रहा है। ढकपुरा के ग्राम प्रधान का कहना है कि ये असामाजिक तत्व हैं। पुलिस इन्हें पकड़ने आती है तो फरार हो जाते हैं। पुलिस इनके खिलाफ एक्शन लें। हम लोग पुलिस के साथ हैं।

 

अन्य खबरें