New Delhi : भड़काऊ बयान पर अपने ही पदाधिकारियों के खिलाफ हुई भाजपा, नूपुर शर्मा और नवीन कुमार जिंदल निलंबित

Google Image | नूपुर शर्मा और नवीन कुमार जिंदल



New Delhi : भारतीय जनता पार्टी में भड़काऊ बयानबाजी पर कार्यवाही करते हुए राष्ट्रीय प्रवक्ता नूपुर शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसी मामले में दिल्ली प्रदेश मीडिया प्रभारी नवीन कुमार जिंदल को भी पार्टी ने बाहर कर दिया है। नूपुर शर्मा पर टीवी डिबेट में की गई उनकी एक टिप्पणी के बाद कार्रवाई हुई है और नवीन जिंदल पर ट्विटर पर एक विवादित भड़काऊ पोस्ट शेयर करने पर कार्रवाई हुई है। यह बयान और टिप्पणी पैगंबर मोहम्मद साहब पर किए गए थे। 

भाजपा ने किया बयान से किनारा 
मुद्दे पर बवाल मचने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने दोनों नेताओं के बयानों से किनारा कर लिया है। पार्टी ने इस मामले पर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि वह सभी धर्मों का सम्मान करती है और किसी भी धर्म के पूजनीय लोगों का अपमान स्वीकार नहीं करती है। पैगंबर मोहम्मद पर की गई टिप्पणी पर बीते दिनों से सोशल मीडिया पर बवाल मचा हुआ था। देश ही नहीं विदेश में भी भारत और भाजपा नेतृत्व पर सवाल किए जा रहे थे। मामले के पढ़ने के बाद ही भाजपा ने यह कार्रवाई की है।

सभी धर्मों का सम्मान करती है पार्टी
बढ़ते हुए विवाद को रोकने के लिए पार्टी महामंत्री अरुण सिंह की ओर से एक बयान जारी किया गया। इस बयान में कहा गया कि भाजपा सर्वधर्म का सम्मान करती है और किसी भी धर्म का अपमान स्वीकार नहीं करती है। पार्टी ने इस मामले पर सख्त कदम उठाते हुए नूपुर शर्मा को पार्टी सदस्यता और अन्य सभी दायित्व से निलंबित कर दिया। यह फैसला केंद्रीय अनुशासन समिति ने लिया। समिति के सदस्य सचिव ओम पाठक ने समिति के पत्र को जारी किया। पत्र में कहा गया कि नूपुर शर्मा ने पार्टी के संविधान का उल्लंघन किया है और विभिन्न मुद्दों पर पार्टी की राय से विपरीत जाकर अपने विचार प्रस्तुत किए हैं। आगे की जांच तक नूपुर शर्मा को सभी जिम्मेदारियों से निलंबित किया जाता है। ऐसी ही कार्रवाई दिल्ली के मीडिया प्रभारी और प्रवक्ता नवीन कुमार जिंदल पर भी हुई। दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता की ओर से जिंदल को जारी एक पत्र में कहा गया कि आप की प्राथमिक सदस्यता तत्काल समाप्त की जाती है और आपको पार्टी से निष्कासित किया जाता है क्योंकि सोशल मीडिया पर आपके द्वारा शेयर की गई एक पोस्ट से सांप्रदायिक समभाव बिगड़ने का कार्य हुआ है।

पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी और पोस्ट का मामला
नूपुर शर्मा ने एक टीवी डिबेट में हिस्सा लिया था जिसमें ज्ञानवापी मस्जिद पर चर्चा चल रही थी। नूपुर शर्मा पर आरोप है कि उन्होंने पैगंबर मोहम्मद साहब पर विवादित टिप्पणी की जिसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही थी। नूपुर के बयान का समर्थन करते हुए नवीन जिंदल ने ट्विटर पर एक पोस्ट किया था। इस पोस्ट में भी पैगंबर मोहम्मद साहब के अपमान का आरोप है। हालांकि उन्होंने बाद में पोस्ट डिलीट कर दी। नूपुर शर्मा ने बाद में सोशल मीडिया पर बयान जारी कर खेद जताया। कहा कि टीवी डिबेट में मेरे भगवान के खिलाफ अपशब्द बोले जा रहे थे जो मुझसे बर्दाश्त नहीं हुए। उसी के रोष में आकर मैंने कुछ आपत्तिजनक शब्द कह दिए। अगर मेरे शब्दों से किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है तो मैं अपने शब्द वापस लेती हूं। वही कार्रवाई के बाद नवीन जिंदल ने कहा कि उनकी टिप्पणी का उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना बिल्कुल नहीं था।

अन्य खबरें