बड़ी खबर : मशहूर उद्योगपति रतन टाटा का निधन, 86 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

Google Image | उद्योगपति रतन टाटा



Delhi News : मशहूर उद्योगपति रतन टाटा का निधन हो गया है। उन्होंने 86 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और उनका मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में इलाज चल रहा था। 

राजनाथ सिंह का बयान सामने आया 
देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर लिखा, 'श्री रतन टाटा के निधन से दुख हुआ। वह भारतीय उद्योग जगत के महान नायक थे जिन्हें हमारी अर्थव्यवस्था, व्यापार और उद्योग में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए जाना जाता है। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। उसकी आत्मा को शांति मिले।

मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल थे भर्ती 
टाटा संस के मानद चेयरमैन रतन नवल टाटा का 86 साल की उम्र में निधन हो गया। बुधवार रात करीब 11 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। वे मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती थे और उम्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित थे। 

हर्ष गोयनका ने दी जानकारी 
उद्योगपति हर्ष गोयनका ने सबसे पहले उनके निधन की जानकारी दी। उन्होंने रात 11:24 बजे सोशल मीडिया पर लिखा, 'घड़ी की टिक-टिक थम गई है। दिग्गज अब नहीं रहे। रतन टाटा ईमानदारी, नैतिक नेतृत्व और परोपकार के प्रतीक थे। वे हमेशा हमारी यादों में हमेशा रहेंगे।' उनका पार्थिव शरीर रात करीब 2 बजे अस्पताल से उनके घर ले जाया गया।  

सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अंतिम दर्शन 
उनके परिजनों ने बताया कि टाटा का पार्थिव शरीर गुरुवार सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक दक्षिण मुंबई स्थित नेशनल सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स के हॉल में रखा जाएगा। यहां लोग उन्हें आखिरी बार देख सकेंगे। 

पद्म विभूषण से थे सम्मानित 
2008 में रतन टाटा को भारत का दूसरा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान पद्म विभूषण मिला। इससे पहले 2000 में उन्हें पद्म भूषण से भी सम्मानित किया गया था। टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखर ने कहा, 'हम रतन टाटा को बहुत बड़ी क्षति के साथ विदाई दे रहे हैं। टाटा समूह के लिए एक अध्यक्ष से कहीं बढ़कर थे। मेरे लिए वे एक गुरु, मार्गदर्शक और मित्र थे।

अन्य खबरें