यूपी चुनाव : अखिलेश यादव का रथ 6 घंटे देरी से पहुंचेगा नोएडा, जगह-जगह स्वागत की तैयारी

Google Image | Akhilesh Yadav



Noida News : समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ग्रेटर नोएडा और नोएडा आ रहे हैं। नोएडा में उनका स्वागत शाम 6 बजे होना था, लेकिन मिली जानकारी के अनुसार 11 बजे तक अखिलेश यादव नोएडा पहुंचेंगे। मौसम में बदलाव होने के बावजूद कार्यकर्ता अपने नेता के इंतजार में बेताब दिख रहे हैं। सपा के कार्यकर्ता सुबह से ही जिले में तैयारी में जुटे हुए हैं। खास बात यह है कि अखिलेश पहली बार ग्रेटर नोएडा पहुंचेंगे। गौर सिटी में उनका कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसके अलावा दादरी और सूरजपुर कस्बों में लोगों से सपा उम्मीदवारों को वोट देने की अपील करेंगे।

बुलंदशहर से गौतमबुद्ध नगर में दाखिल होंगे पूर्व सीएम
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को हेलीकॉप्टर से बुलंदशहर पहुंचना था। मौसम खराब होने के कारण उनका पूरा कार्यक्रम गड़बड़ा गया है। अब अखिलेश यादव दिल्ली से बुलंदशहर कार द्वारा पहुंचे हैं। वह बुलंदशहर से वापस दिल्ली की ओर बढ़ेंगे। सिकंदराबाद होते हुए गौतमबुद्ध नगर में प्रवेश करेंगे। सबसे पहले दादरी से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी राजकुमार भाटी के पैतृक गांव लुहारली में अखिलेश यादव का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसकी तैयारियां कर ली गई हैं।

ग्रेटर नोएडा में यह होगा अखिलेश यादव की यात्रा का रूट
अखिलेश यादव का रोड शो ग्रेटर नोएडा में लुहारली, बील अकबरपुर, चिटहैरा और दादरी होते हुए तिलपता पहुंचेगा। यहां से आगे सूरजपुर कस्बे में आएंगे। फिर पुलिस लाइन और बिसरख होते हुए गौर सिटी पहुंचेंगे। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पहली बार अखिलेश यादव आ रहे हैं। समाजवादी पार्टी ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के हाईराइज अर्बन एरिया में पूर्व मुख्यमंत्री के भव्य स्वागत का इंतजाम किया है।

अखिलेश यादव का अंधविश्वास खत्म ?
अखिलेश यादव के अंधविश्वास का यह किस्सा आए दिन सुनने में आता रहता है। इस मामले को लेकर उनसे सवाल भी किए गए। इसके बाद उन्होंने माना भी कि वे अंधविश्वास के कारण नोएडा नहीं जाते रहे हैं, लेकिन वर्ष 2022 का विधानसभा चुनाव कई मायनों में महत्वपूर्ण है। किसान आंदोलन के बाद भारतीय जनता पार्टी इस इलाके में कमजोर दिख रही है। ऐसे में अखिलेश यादव नोएडा पहुंचकर उस मिथक को तोड़ने की कोशिश करते दिख रहे हैं। अखिलेश यादव वर्ष 2014 और वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव हों या फिर वर्ष 2017 का विधानसभा चुनाव, उन्होंने नोएडा में कदम नहीं रखा।