BIG BREAKING : गाजियाबाद श्मशान घाट हादसे का आरोपी ठेकेदार गिरफ्तार, सीएम ने NSA लगाने का आदेश दिया

Google Image | Yogi Adityanath



गाजियाबाद के मुरादनगर कस्बे में रविवार की सुबह श्मशान घाट हादसे का आरोपी ठेकेदार अजय त्यागी गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे पुलिस ने दूसरे जिले से गिरफ्तार किया है। वहीं, इस मामले में जिम्मेदार आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कार्रवाई करने का आदेश उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिया है। अब तक इस मामले में 4 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। नगर पालिका के तीन आरोपी अफसरों को रविवार की रात ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। जबकि, ठेकेदार अजय त्यागी फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में छापे मार रही थी।

गाजियाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया कि पुलिस की स्पेशल टीम ने ठेकेदार अजय त्यागी को गैर जनपद से गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी को लेकर देर रात गाजियाबाद पहुंच गई है। उसे मंगलवार को गाजियाबाद की अदालत में पेश किया जाएगा। दूसरी ओर मुरादनगर की घटना पर योगी आदित्यनाथ ने कार्रवाई की है। घटना के लिए ज़िम्मेदार इंजीनियर और ठेकेदार के खिलाफ एनएसए लगाने का आदेश दिया है। नुक़सान की वसूली दोषी इंजीनियर और ठेकेदार से करने का आदेश दिया है। ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट किया जाएगा। जिससे उसे भविष्य में कहीं काम नहीं मिलेगा। इस मामले में मेरठ की कमिश्नर और गाजियाबाद के डीएम को नोटिस जारी करने का आदेश दिया गया है।

आपको बता दें कि इस हादसे में अभी तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है। इस मामले में मृतक आश्रित परिवारों ने  मुरादनगर नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी निहारिका सिंह चौहान, ठेकेदार अजय त्यागी, सुपरवाइजर आशीष और सहायक अभियंता चंद्रपाल शामिल हैं। गाजियाबाद पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक इन चारों लोगों के खिलाफ मुरादनगर कस्बे के युवक दीपक ने एफआईआर दर्ज करवाई थी। गाजियाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया कि दीपक की तहरीर के अधार पर मामला दर्ज कर लिया गया था। जांच शुरू कर दी गई थी। मुरादनगर पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही थी।

अन्य खबरें