गाजियाबाद : जिला महिला चिकित्सालय में कन्या जन्मोत्सव का आयोजन, मुख्य विकास अधिकारी बोले- अब महिलाएं खुद लें अपने फैसले

Tricity Today | केक कटवाया



Ghaziabad : गाजियाबाद के एमएमजी जिला महिला चिकित्सालय में बेटी "बचाओ बेटी पढ़ाओ" योजना के अंतर्गत कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी विक्रमादित्य सिंह मलिक ने जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देशन पर किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि बेटियां चाहे पढ़ाई, खेल कूद हो और अंतरिक्ष विज्ञान हमारे देश की बेटियां किसी से पीछे नहीं हैं। वह अब निरंतर आगे बढ़ रही हैं और अपनी उपलब्धियों से देश का मान बढ़ा रही हैं। 

"अब समय आ गया है महिलाएं खुद से जुड़े फैसले स्वयं लें"
उन्होंने महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि महिलाओं के हित और संरक्षण के लिए देश में कई प्रकार के कानून बनाए गए हैं। जिनका उन्हें लाभ लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें समाज में ही नहीं, बल्कि परिवार में भी महिलाओं और पुरुषों के बीच भेदभाव को रोकना होगा। अब समय आ गया है कि महिलाएं खुद से जुड़े फैसले स्वयं लें, सही मायने में हम तभी महिला सशक्तीकरण को सार्थक कर पाएंगे। कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में जिला महिला चिकित्सालय में जन्म लेने वाली 42 कन्याओं के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने के लिए बालिकाओं से केक कटवाया गया। इसके साथ ही मुख्य विकास अधिकारी द्वारा 42 बच्चियों को बेटी किट और कन्या जन्मोत्सव सम्मान पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गयी। 

मुख्य विकास अधिकारी ने जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया
इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षिका संगीता गोयल और जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चन्द्र सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम के पश्चात् मुख्य विकास अधिकारी विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया गया। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा विशेष रूप से एमएनसीयू और एसएनसीयू यूनिट का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली गयी। निरीक्षण के समय इन यूनिट्स में नवजात् बच्चों को उपलब्ध करायी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता संतोषजनक पायी गयीं।

अन्य खबरें