GHAZIABAD BREAKING : योगी ने सस्पेंड किया जीडीए का इंजीनियर, अवैध बिल्डिंग बनाने के मामले में गिरी गाज

Google Image | Yogi Adityanath



Ghaziabad News : लखनऊ से बड़ी खबर आ रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) के आदेश पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (Ghaziabad Development Authority) के एक इंजीनियर को सस्पेंड कर दिया गया है। इंजीनियर पर बिना मानचित्र स्वीकृति के इमारत बनवाने का आरोप है। गाजियाबाद शहर में अवैध इमारतों का निर्माण किया गया। शिकायत होने पर जांच करवाई गई। जांच में आरोप सही पाए गए हैं। जिसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इंजीनियर को सस्पेंड करने का आदेश दिया। भ्रष्टाचार के खिलाफ मुख्यमंत्री की 'जीरो टोलरेंस पॉलिसी' के तहत जीडीए के इंजीनियर पर गाज गिरी है। यह कार्रवाई होने के बाद गाजियाबाद विकास प्राधिकरण में खलबली मची हुई है।

सीएम ऑफिस ने ट्वीट कर जानकारी दी
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के अवर अभियंता पर की गई कार्रवाई की जानकारी देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यालय ने अब से थोड़ी देर पहले एक ट्वीट किया है। जिसमें बताया गया है कि बिना मानचित्र स्वीकृति के बहुमंजिला इमारतों का अवैध रूप से निर्माण करवाया गया। इस मामले में जीडीए के अवर अभियंता को निलंबित कर दिया गया है। आपको बता दें कि विकास प्राधिकरण में व्याप्त भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सख्ती बरत रहे हैं। इसी सिलसिले में पिछले सप्ताह उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण के कानपुर मुख्यालय में तैनात महाप्रबंधक निमिषा शर्मा को निलंबित किया गया है। निमिषा शर्मा ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण में तैनात थीं। उस वक्त इंडस्ट्रीज कैटेगरी के एक भूखंड आवंटन में बड़ी गड़बड़ी की थी। निशा शर्मा ने एक ऐसा भूखंड आवंटित कर दिया था, जो प्राधिकरण ने आवंटन सूची में शामिल ही नहीं किया था।
 
गाजियाबाद के एसएसपी किए थे सस्पेंड
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दूसरी बार शपथ लेने के तुरंत बाद कार्यवाही करनी शुरू कर दी थी। गाजियाबाद में प्रशासनिक अमले पर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले गाजियाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पवन कुमार सिंह को मुख्यमंत्री ने सस्पेंड किया था। पवन कुमार सिंह पर कानून-व्यवस्था को नहीं संभाल पाने और लापरवाही बरतने के आरोप लगे थे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने दो कलेक्टर भी सस्पेंड किए। कुल मिलाकर मुख्यमंत्री ने साफ संदेश दिया है कि सरकार भ्रष्टाचार और खराब कानून-व्यवस्था को सहन नहीं करेगी।

अन्य खबरें