ग्रेटर नोएडा में भाजपा का पिछड़ा वर्ग सम्मेलन : राहुल गांधी के खिलाफ हाथ उठाकर पारित किया गया यह बड़ा प्रस्ताव

Tricity Today | राहुल गांधी के खिलाफ हाथ उठाकर पारित किया गया यह बड़ा प्रस्ताव



Greater Noida : ग्रेटर नोएडा वेस्ट में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) ने पिछड़ा वर्ग समाज सम्मेलन का आयोजन किया। जिसमें हजारों की संख्या में पिछले समाज से ताल्लुक रखने वाले लोग शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर (Surendra Singh Nagar MP) ने की। इस मौके पर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के खिलाफ एक प्रस्ताव पारित किया गया है। जिसमें कहा गया है कि राहुल गांधी ने पिछड़ा वर्ग पर अनर्गल बयान दिए हैं। इससे समाज आहत है। जब तक राहुल गांधी माफी नहीं मांगेंगे, उनका विरोध जारी रहेगा।

भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी सिलसिले में पूरे उत्तर प्रदेश में पिछड़ा वर्ग समाज के सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। जिसकी शुरुआत शनिवार को ग्रेटर नोएडा से हुई। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा ने इस सम्मेलन का आयोजन किया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद के. लक्ष्मण शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने की। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के तमाम नेता विपक्ष पर हमलावर रहे। खासतौर से कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा गया।

बीजेपी ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के.लक्ष्मण ने कहा, "राहुल गांधी को भारतीय संस्कृति और समाज के बारे में कोई जानकारी नहीं है। वह पहले तो देश में उल्टी-सीधी हरकतें करके राजनीतिज्ञों को शर्मसार करते रहे हैं। अब उन्होंने विदेश में जाकर भी भारतीय संस्कृति को अपमानित करना शुरू कर दिया है। वह भारतीय समाज के बारे में कोई जानकारी नहीं रखते हैं। राहुल गांधी का भरोसा लोकतांत्रिक व्यवस्था में नहीं है। यही वजह है कि उन्होंने अपने ब्रिटेन दौरे के दौरान भारतीय लोकतंत्र पर हमले किए। लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया है। उनकी ओर से अन्य पिछड़ा वर्ग पर दिए गए बयान बेहद आपत्तिजनक हैं। इसके लिए उन्हें तत्काल देशभर के पिछड़े वर्ग से माफी मांगनी चाहिए।"

राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने बताया कि राहुल गांधी के खिलाफ सम्मेलन में प्रस्ताव पारित किया गया है। सम्मेलन में मौजूद प्रत्येक व्यक्ति ने एक राय होकर प्रस्ताव पारित किया है कि जब तक राहुल गांधी देश के पिछड़े वर्ग से माफी नहीं मांगेंगे तब तक उनके खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा। सुरेंद्र सिंह नागर ने कहा, "राहुल गांधी ने देश के गरीबों और पिछड़ों को अपमानित किया है। उन्हें तत्काल माफी मांगनी चाहिए। अगर वह आगे आकर माफी नहीं मांगते हैं तो इस आंदोलन को गांव-गांव और घर-घर तक लेकर जाएंगे।" कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण राज्य मंत्री बृजेश सिंह भी शामिल हुए।

भाजपा के इस अन्य पिछड़ा वर्ग समाज सम्मेलन में खासतौर से गुर्जर, जाट, यादव, पाल, सुनार, लुहार और कुम्हार आदि जातियों से ताल्लुक रखने वाले लोगों को आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम के संयोजक हरिओम बैंसला और सह-संयोजक भाजयुमो के जिलाध्यक्ष राज नागर ने बताया कि कार्यक्रम में पश्चिम उत्तर प्रदेश के सभी जिलों से लोगों ने शिरकत की।

गौतमबुद्ध नगर के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने कहा कि सरकार पिछड़े वर्ग के स्वाभिमान का सम्मान करती है। पिछड़े वर्ग से आने वाले महापुरुषों का हमेशा हमने सम्मान और आदर किया है। पिछड़े वर्ग की आबादी 60 प्रतिशत होने के बाद भी पूर्व की सरकारों ने पिछड़े वर्ग को सत्ता मे ना के बराबर भागीदारी दी। ये पिछड़े समाज के खिलाफ अन्याय है। मंच का संचालन भूपेंद्र मास्टर ने किया।

सम्मेलन में मुख्य रूप से ओमपाल प्रमुख, बिजेंद्र प्रमुख, ईश्वर प्रमुख, ईश्वर मावी, हरेन्द्र नागर, करतार निठोरा, भूपेंद्र मास्टर, रवि भदोरिया, जितेंद्र भाटी, वीरपाल प्रधान, रामनिवास यादव, यशवीर यादव, राजकुमार चौधरी, राजवीर मावी, अनिल बैंसला, राजवीर मावी, अमित मुखिया, अमित भाटी, सुशील प्रधान, महेंद्र प्रधान, अनिल प्रधान, राजे कसाना, चैनपाल प्रधान, सुमित बैसोया, जयप्रकाश प्रजापति, रजनी तोमर, राहुल नागर और मास्टर मनोज नागर आदि लोग उपस्थित रहे।

अन्य खबरें