समस्याओं का शहर ग्रेटर नोएडा वेस्ट : पंचशील हाइनिश सोसाइटी के व्हाटसएप ग्रुप में तीखी तकरार, पुलिस ने उठाया यह कदम

Google Images | पंचशील हाइनिश सोसाइटी



Greater Noida West : ग्रेटर नोएडा वेस्ट में आए दिन पानी की किल्लत की समस्या होती रहती है। पंचशील हायनिश सोसाइटी बीते कुछ दिनों से पानी की भीषण समस्या को लेकर चर्चाओं में है। इसी परेशानी को लेकर निवासियों में आपसी तकरार हो गई। हाल ही में ग्रुप पर निवासियों के बीच तीखी बहस और टिप्पणी की गई, जिसके चलते एओए के अलावा अन्य व्हाट्सएप ग्रुप के एडमिन को पुलिस ने चेतावनी जारी की। साथ ही कहा कि अगर ग्रुप पर कुछ भी विवाद होता है तो तत्काल पुलिस को तुरंत ही सूचना दी जाए। सोसाइटी में एओए का केवल एक व्हाट्सएप ग्रुप चलेगा।

क्या है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि पंचशील सोसाइटी में 10 दिन तक पानी की किल्लत चलती रही थी। पानी की आपूर्ति को लेकर सोसाइटी में दो गुट बन गए। इस बात को लेकर सोसाइटी के व्हाट्सएप ग्रुप पर दोनों गुटों के बीच तीखी बहस और टिप्पणी शुरू हो गई। कई लोगों ने ग्रुप में अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया। साथ ही व्हाट्सएप ग्रुप के 50 से अधिक स्क्रीन शॉट की फोटोकापी भी साझा की। निवासियों ने बताया कि इस समय सोसाइटी में 20 से अधिक व्हाटसएप ग्रुप चल रहे है। इनमें एओए के दो ग्रुप है, जिसमें एक पुरानी एओए का है। सोसाइटी में 12 टावर हैं, हर टावर का एक ग्रुप बना हुआ है। छह ग्रुप निवासियों ने अलग-अलग नाम से बनाए गए है। हर ग्रुप में 200 से अधिक लोग जुड़े हैं।

एओए अध्यक्ष का बयान
इस मामले में एओए अध्यक्ष अंजलि नेगी का कहना है कि पुलिस के द्वारा सोसाइटी एओए और निवासियों को बुलाया गया। पुलिस के द्वारा कुछ नियम और गाइडलाइन्स दी गई। जिसको बहुत जल्द सोसाइटी के निवासियों के सामने सार्वजनिक किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि सोसाइटी में सिर्फ एक एओए का ग्रुप होगा।

पुलिस ने दी कड़ी चेतावनी
इस मामले में बिसरख पुलिस ने निर्देश जारी करते हुए कहा कि सोसाइटी में केवल एओए का एक ग्रुप रहेगा। उसी पर निवासियों को जानकारी दी जाएगी। बाकी ग्रुप्स को तत्काल बंद करना होगा। अगर व्हाट्सएप ग्रुप या सोशल मीडिया पर भ्रामक या गलत जानकारी दी जाती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दी जाए। ऐसा नहीं करने पर ग्रुप एडमिन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ग्रुप एडमिन को गलत जानकारी या पोस्ट डालने वाले लोगों को भी ग्रुप से बाहर करना होगा। पुलिस ने एओए से सभी व्हाटसएप ग्रुप की जानकारी भी मांगी है।

अन्य खबरें