VIDEO : दादरी विधायक पर एक आम आदमी ने लगाए गम्भीर आरोप, कहा- करप्शन पर पीएचडी हैं, मैं 22 साल की उम्र से भाजपाई

Tricity Today | विधायक तेजपाल सिंह नागर और किसान करतार सिंह



गौतमबुद्ध नगर में दादरी विधानसभा सीट से विधायक तेजपाल सिंह नागर पर उनके निर्वाचन क्षेत्र के एक आम मतदाता ने गंभीर आरोप लगाए हैं। बाकायदा सोशल मीडिया पर तीन हिस्सों में वीडियो जारी करके विधायक को करप्शन में पीएचडी करार दिया है। दादरी क्षेत्र के रूपवास गांव के रहने वाले सामान्य किसान करतार सिंह ने बुधवार की शाम तीन हिस्सों में एक वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा, "मैं 22 साल की उम्र से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता हूं। रूपवास गांव का रहने वाला एक सामान्य किसान हूं। छोटा सा निवेदन लेकर दादरी के विधायक तेजपाल नागर के पास गया था। उन्होंने मुझे कांग्रेसी बताकर भगा दिया। कल परसों तक समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी की राजनीति करने वाले विधायक तेजपाल सिंह नागर बमुश्किल 3 साल से भाजपाई हुए हैं और हमें कांग्रेसी करार दे रहे हैं।"

करतार सिंह ने विधायक तेजपाल सिंह नागर और उनके बेटे दीपक नागर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो में वह कह रहे हैं, "पहली बार देखने को मिला है कि विधायक नगरपालिका स्तर पर उतरकर भ्रष्टाचार कर रहा है। नगरपालिका के ठेकों में खुलेआम करप्शन किया जा रहा है। थाने और तहसील तक दादरी के विधायक का भ्रष्टाचार हावी है। पूरे इलाके में लोकल इंटेलिजेंस यूनिट, पुलिस या प्रशासन से रिपोर्ट ले लें। गांव में कोई बच्चा भी इनकी करतूतों की जानकारी दे देगा।" करतार सिंह ने आगे कहा, "मैं 22 साल की उम्र से भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का कार्यकर्ता हूं। मास्टर तेजपाल सिंह नागर चंद दिनों पहले तक समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी में सांसद और विधायकों के साथ घूमते थे। आज भाजपा के विधायक बनकर हम पुराने कार्यकर्ताओं को दुत्कार रहे हैं। विधायक के साथ-साथ मेरी भी जांच करवा ली जाए। मैं एक सामान्य किसान हूं। जब मास्टर तेजपाल सिंह नागर बहुजन समाज पार्टी में थे और उत्तर प्रदेश में बसपा की सरकार थी तो मेरे खिलाफ कई मुकदमे फर्जी ढंग से दर्ज करवाए गए थे। मुझे पता है, अब एक बार फिर तेजपाल नागर मेरे खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज करवाएंगे, लेकिन मैं से डरने वाला नहीं हूं।

कंपनियों, ठेकों, थानों और तहसील में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए
करतार सिंह ने वीडियो में कहा है कि तेजपाल सिंह नागर और उनका बेटा दीपक नागर मिलकर कंपनियों में जबरन वसूली कर रहे हैं। ठेकों में भ्रष्टाचार किया जा रहा है। नगरपालिका तहसील और थानों में उगाही चल रही है। करतार सिंह ने दावा किया कि अब तक दादरी क्षेत्र में भ्रष्टाचार इस स्तर तक नहीं पहुंचा था, जिस स्तर पर मास्टर तेजपाल सिंह नगर के विधायक रहते पहुंच गया है। उन्होंने कहा, "एक ईमानदार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी से करप्शन पर पीएचडी करके आए विधायक तेजपाल नागर ने दादरी का बुरा हाल कर दिया है।"



हम करतार सिंह की ओर से जारी किए गए वीडियो को यहां जस का तस प्रकाशित कर रहे हैं। इसकी मूल वीडियो भी हमारे पास उपलब्ध है। पत्रकारिता के नियमों के मुताबिक हमें इस प्रकरण पर दादरी विधायक तेजपाल सिंह नगर से पक्ष लेना चाहिए, लेकिन पिछली बार ऐसे ही एक गंभीर और संजीदा मामले पर विधायक का पक्ष लेने के लिए कॉल की गई थी। जिसे गलत ढंग से प्रस्तुत करते हुए तेजपाल सिंह नागर के बेटे दीपक नागर ने ट्राइसिटी टुडे के खिलाफ मनगढ़ंत और झूठे आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करवाई थी। लिहाजा, इस विपरीत परिस्थिति के मद्देनजर हम विधायक का पक्ष नहीं ले पा रहे हैं। अगर वह अपना पक्ष रखना चाहते हैं तो हम सहर्ष प्रकाशित करेंगे।

अन्य खबरें