ज्यादा हाईटेक हुई नोएडा पुलिस : अब पीआरवी पर लगे कैमरों से नहीं बच पाएंगे गुंडे, लखनऊ कंट्रोल रूम से सीधी निगरानी

Tricity Today | पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने गाड़ियों को दिखाई हरी झंडी



Greater Noida News : सूरजपुर पुलिस लाइन में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण अवसर पर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में नए और अत्याधुनिक पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन न केवल पीटीजेड (पैन-टिल्ट-ज़ूम) कैमरे से लैस हैं, बल्कि इनमे कई अन्य आधुनिक तकनीकें भी शामिल हैं, जो कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

आधुनिक उपकरणों से लैस पीआरवी वाहन
नई पीआरवी गाड़ियों में लगे पीटीजेड कैमरे घटनास्थल के आसपास की फोटो और वीडियो की रिकॉर्डिंग करने में सक्षम हैं। यह कैमरे विशेष रूप से उन परिस्थितियों में मददगार साबित होंगे, जहां दंगा जैसी अप्रिय घटनाएं होती हैं। इन कैमरों की सहायता से दंगाईयों की पहचान करना आसान हो जाएगा और वे कानून के शिकंजे से बच नहीं पाएंगे। 

अब गौतमबुद्ध नगर पुलिस के पास 156 पीआरवी
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि यूपी-112 आपात सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए 16 नए चार पहिया और 16 दोपहिया वाहनों को पुलिस बेड़े में शामिल किया गया है। ये वाहन फ्लैसर लाइट, लाउडहेलर, हूटर जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हैं। अब तक कमिश्नरेट के पास 124 पीआरवी वाहन थे, लेकिन नए वाहनों के जुड़ने से अब इनकी संख्या 156 हो गई है, जिससे आपात स्थितियों में पुलिस का रेस्पॉन्स टाइम और बेहतर होगा।

सेवा में सुधार और तेजी
नए पीआरवी वाहनों की उपलब्धता से निश्चित रूप से जनता को मिलने वाली सेवाओं में सुधार आएगा। इन वाहनों में संचार व्यवस्था को अधिक सशक्त बनाने के लिए सैमसंग कंपनी के आईपैड, 5जी स्मार्ट मोबाइल और वायरलेस सेट जैसे उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं। इससे यूपी-112 सेवा का संचालन और भी अधिक कुशल और प्रभावी हो जाएगा।

लखनऊ कंट्रोल रूम से सीधी निगरानी
इन नए पीआरवी वाहनों की एक और खासियत यह है कि वे लखनऊ के कंट्रोल रूम से सीधा जुड़े रहेंगे। पीआरवी वाहनों में लगे पीटीजेड कैमरों की सहायता से गौतमबुद्ध नगर में होने वाली घटनाओं का लाइव प्रसारण लखनऊ कंट्रोल रूम में देखा जा सकेगा। इस तकनीक से न केवल स्थानीय पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह बल्कि लखनऊ मुख्यालय भी जिले की घटनाओं पर नजर बनाए रखेगा। इसके अलावा एक और विशेष वाहन जो आधुनिक उपकरणों से लैस है, उसे इन सभी पीआरवी वाहनों से जोड़ा गया है। जिससे जिले की हर घटना की पल-पल की जानकारी पुलिस मुख्यालय को मिल सकेगी।

दंगाइयों पर कड़ी नजर
इन अत्याधुनिक कैमरों की सहायता से यह पता लगाना संभव होगा कि घटनास्थल पर कौन-कौन लोग मौजूद हैं और क्या कर रहे हैं। दंगाइयों की तस्वीरें और वीडियो कैप्चर करके उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकेगी। यह तकनीक दंगों और अपराधों को रोकने में पुलिस के लिए एक बड़ा हथियार साबित होगी। इस पहल के साथ गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने यह संदेश दिया है कि वे आधुनिक तकनीक का उपयोग कर जनता की सुरक्षा के प्रति सजग हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं।

अन्य खबरें