ससुराल में पिट गए जमाई राजा : ग्रेटर नोएडा में शादी में शरीक होने आए थे दामाद, पत्नी को भी पीटा

Google Image | कोतवाली जेवर



Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के थाना जेवर क्षेत्र में शादी में शरीक होने अपनी ससुराल पहुंचे जमाई राजा के साथ चार लोगों ने मारपीट कर दी। इस दौरान पति को बचाने पहुंची पत्नी के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस से की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।  

यह है पूरा मामला 
पुलिस को दी शिकायत में राजवीर पुत्र दान बिहारी ने बताया कि वह वृन्दावन का रहने वाला है। पीड़ित के मुताबिक 14 अप्रैल को वह अपनी पत्नी रेखा के साथ जेवर खादर में आयोजित एक शादी में शामिल होने आया था। शादी में खाना खाने के बाद वह अपने जीजा जगमोहन के घर जा रहा था, तभी रास्ते में उसे शिवकुमार उर्फ चीकू, रोहित उर्फ हेतराम, अजय और आकाश मिले। किसी बात को लेकर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उसने विरोध किया तो उन्होंने उसकी पिटाई कर दी। जब वह अपनी पत्नी के साथ अपने पुराने घर की ओर भागा तो आरोपी उसका पीछा करते हुए उसके पुराने घर तक पहुंच गए और वहां भी उन्होंने उसे और उसकी पत्नी को पीटा। उन्होंने बताया कि आसपास के लोगों ने पीड़िता को आरोपियों से बचाया। 

पुलिस का बयान 
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि यह घटना 14 अप्रैल की है। पीड़ित की शिकायत पर चार लोगों को नामजद करते हुए केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अन्य खबरें