हरियाणा का चुनावी चटखारा : सोशल मीडिया पर खूब छा रही जलेबी, राजस्थान के मुख्यमंत्री ने छानकर लोगों को भी खिलाई, वीडियो वायरल

Tricity Today | राजस्थान के मुख्यमंत्री ने छानकर लोगों को भी खिलाई



Gurugram News : हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के परिणाम लगभग-लगभग साफ हो चुके हैं। हरियाणा में भाजपा अकेले और जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस (JKNC) कांग्रेस के साथ सरकार बनाने जा रही है। पूरे दिन सोशल मीडिया पर चुनाव और प्रत्याशी की हार-जीत और सरकार गठन को लेकर चर्चाएं होती रहीं। वहीं, सोशल मीडिया पर अचानक जलेबी ट्रेंड करने लगी। एक्स पर यह शीर्ष-5 ट्रेंडिंग लिस्ट में शामिल रही। चुनाव के बीच जलेबी सोशल मीडिया पर कैसे छा गई, आइए जानते हैं कारण 

राहुल गांधी के बयान से शुरू हुई जलेबी की कहानी
दरअसल, हरियाणा में चुनाव प्रचार के दौरान दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने राहुल गांधी को मातूराम की जलेबी भेंट की थी। मातूराम की जलेबी हरियाणा के गोहाना की मशहूर जलेबी हैं। इस पर राहुल ने कहा था कि, "मैंने बहन प्रियंका को बताया कि मैंने अपने जीवन की सबसे अच्छी जलेबी खाई। मैं उनके लिए भी जलेबी लेकर जाऊंगा। गोहाना की जलेबियां भारत और दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचनी चाहिए। अगर यह जलेबी देश-विदेश में जाएगी तो दुकान फैक्ट्री में बदल जाएगी।"
 
राहुल के बयान पर भाजपा ने साधा निशाना 
राहुल के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर भाजपा समर्थकों ने मजाक बनाकर कहा कि जलेबी की फैक्ट्री नहीं लग सकती। इसके बाद से हरियाणा के चुनाव में जलेबी ने अपनी जगह बना ली। मतगणना शुरू होने पर शुरुआती रूझान कांग्रेस के पक्ष में आए तो कांग्रेस नेताओं ने भाजपा नेताओं को जलेबी खिलाने की बात कही थी। अब भाजपा जलेबी को लेकर कांग्रेस का मजाक बना रही है। 

मशहूर है मातूराम की जलेबी
हरियाणा में सोनीपत जिले के गोहाना में मातूराम की जलेबी की दुकान है। यह जलेबी पूरे देश में मशहूर है। यहां देशी घी से बनी जलेबी आकार में काफी बड़ी होती है, जिसकी कीमत भी ज्यादा नहीं है। इसे लोग दूर-दूर से खाने आते हैं। हरियाणा की स्थानीय भाषा में इसे कुछ लोग जलेबी के बजाय "जलेबा" भी कहते हैं। 

राजस्थान सीएम ने बनाई जलेबी 
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हरियाणा में लगातार भाजपा की तीसरी जीत और लगातार तीसरी बार सरकार बनाए जाने की पूर्ण संभावना पर जलेबबी बनानी शुरू कर दी। उन्होंने न सिर्फ कड़ाही में में जलेबी बनाई, बल्कि लोगों को इसका स्वाद भी चखाया। हालांकि ये जलेबी आकार में सामान्य जलेबी की तरह से गोल तो नहीं थी, लेकिन टेढ़ी-मेढ़ी ही सही, ये जलेबी सोशल मीडिया पर खूब चली।

अन्य खबरें