बड़ी खबर : चुनाव से पहले बदले मुख्य निर्वाचन आयुक्त, जानिए किसको दी नई जिम्मेदारी

देश | 3 साल पहले | Vageshwer Tripathi

Tricity Today | मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुशील चन्द्रा



भारत के अगले मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुशील चन्द्रा होंगे। उनके नाम पर केंद्र सरकार की तरफ से मुहर लगा दी गई है। वे निवर्तमान मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा की जगह लेंगे। सुशील चंद्रा 13 अप्रैल 2021 को मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पदभार संभालेंगे। सुशील चन्द्रा वर्तमान में तीन सदस्यीय निर्वाचन आयोग में सबसे वरिष्ठ निर्वाचन आयुक्त हैं।

बताया जा रहा है कि केंद्र सरकार की ओर से सुशील चन्द्रा के नाम पर मुहर लगा दी गई है। वर्तमान मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुनील अरोड़ा ने दिसंबर 2018 में पदभार संभाला था। उन्हीं के नेतृत्व में पांच राज्यों पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, आसाम, केरल और पुदुचेरी में चुनाव हो रहे हैं। चुनावों के बीच ही मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुनील अरोड़ा सेवानिवृत्त हो रहे हैं। सुशील चंद्रा को लोकसभा चुनाव से पहले फरवरी 2019 को निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया गया था। निर्वाचन आयोग में कार्यभार संभालने से पूर्व केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड के अध्यक्ष थे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पदभार ग्रहण करने की तारीख से 14 मई 2022 तक पद पर रहेंगे।

मालूम हो कि सुशील चन्द्रा के मुख्य निर्वाचन आयुक्त रहते पांच राज्य विधानसभाओं के चुनाव अगले वर्ष 2022 में होने हैं। कार्यकाल पूरा होने वाले पांच राज्यों उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर के विधानसभा का चुनाव होंगे। इन सभी राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल मार्च 2022 में अलग-अलग तारीख पर पूरा हो रहा है। जबकि उत्तर प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल अगले वर्ष 14 मई 2022 को पूरा हो रहा है।

अन्य खबरें