Covid-19 Vaccination: 54 लाख से ज्यादा टीकाकरण कर भारत ने बनाया खास रिकॉर्ड, उत्तर प्रदेश के नाम दर्ज हुई यह उपलब्धि

देश | 3 साल पहले | Harish Rai

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो



देश में स्वास्थ्य कर्मियों और फ्रंटलाइन वॉरियर्स को कोरोना वायरस का टीका लगाने की प्रक्रिया निरंतर जारी है। गत शुक्रवार को भी पूरे देश में कोरोना का सफल टीकाकरण हुआ। इसके साथ ही कोविड-19 वैक्सीनेशन के लाभार्थियों की संख्या बढ़ गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक देश भर में अब तक 54 लाख से अधिक लाभार्थियों को कोविड-19 वैक्सीन दिया जा चुका है। इसके साथ ही भारत ने वैश्विक पटल पर अपनी अलग पहचान फिर कायम कर ली है। 

केंद्रीय मंत्रालय के अनुसार अब तक कुल 54,16,849 लाभार्थियों को टीका लगाया गया है। इनमें से उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक 6,73,542 लोगों को वैक्सीन दी गई है। इसके बाद महाराष्ट्र में 4,34,943, राजस्थान में 4,14,422 और कर्नाटक में 3,60,592 लोगों को टीका लगाया गया है। इसके साथ ही भारत दुनिया का ऐसा पहला देश बन गया है, जहां सिर्फ 21 दिन में 50 लाख से ज्यादा लोगों को कोरोना वायरस का टीका दिया गया है।

मंत्रालय के मुताबिक, ''पिछले 24 घंटे में 10,502 सत्रों में 4,57,404 लोगों को टीका लगाया गया। अब तक कुल 1,06,303 सत्र आयोजित हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में जिन लोगों को टीका लगाया गया है, उनमें 3,01,537 स्वास्थ्यकर्मी और कोविड-19 के खिलाफ अग्रिम मोर्चे पर काम करनेवाले 1,55,867 कर्मी हैं। देश में अब तक कुल 20,06,72,589 नमूनों की जांच हो चुकी है। 

छह राज्यों में 80 फीसदी से ज्यादा नए मामले     
कोरोना वायरस संक्रमण के जो नए मामले सामने आए हैं, उनमें से करीब 83.3 प्रतिशत मामले महाराष्ट्र, केरल, गुजरात, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक में हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शनिवार के आंकड़ों के मुताबिक देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 1,08,14,304 हो गए हैं। कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,54,918 पहुंच गई है। पिछले 24 घंटे में देश में महामारी से 95 और लोगों की मौत हुई है।

अन्य खबरें