BIG BREAKING : पुष्कर सिंह धामी बने उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री, रविवार को लेंगे शपथ

देश | 3 साल पहले |

Tricity Today | पुष्कर सिंह धामी बने उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री



उत्तराखंड की राजनीति में पिछले हफ्ते से जारी असमंसज का आज पटाक्षेप हो गया है। राज्य के खटीमा विधानसभा से विधायक पुष्कर सिंह धामी को उत्तराखंड का नया मुख्यमंत्री चुना गया है। मुख्यमंत्री पद पर रविवार को उनका शपथ ग्रहण कराया जाएगा। आज शाम 3:00 बजे विधानमंडल दल की बैठक थी। जिसमें मुख्यमंत्री पद के नामों पर मुहर लगनी थी। इसमें पुष्कर सिंह धामी, धन सिंह रावत, सतपाल महाराज और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के नामों पर चर्चा चल रही थी। 

अंत में विधायकों ने सर्वसम्मति से पुष्कर सिंह धामी के नाम पर मुहर लगाई। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने शुक्रवार को ही भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और उत्तराखंड के राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा था। दरअसल तीरथ सिंह रावत विधानसभा के सदस्य नहीं हैं। निर्वाचन आयोग ने अगले 6 महीने में उपचुनाव कराने में असमर्थता जताई थी। इस वजह से उन्हें अपने पद से त्यागपत्र देना पड़ा। दरअसल आज सुबह से चर्चा चल रही थी कि पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को एक बार फिर उत्तराखंड की कमान सौंपी जा सकती है।

हालांकि उन्होंने खुद को इससे अलग करते हुए कहा था कि विधायक दल की बैठक में इसका फैसला किया जाएगा। लेकिन मैं रेस में नहीं हूं। मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मेरी पार्टी ने एक सामान्य से कार्यकर्ता को सेवा का अवसर दिया है। यह मेरे जैसे एक कार्यकर्ता की खुशकिस्मती है। जनता के मुद्दों पर हम सबका सहयोग लेंगे। सबका साथ-सबका विकास के आधार पर काम करेंगे। पार्टी में कहीं कोई मतभेद नहीं है। विधायकों ने सर्वसम्मति से मुझे विधायक दल का नेता चुना है।

अन्य खबरें