गाजियाबाद में ब्राह्मण समाज की 14 संस्थाओं ने ज्ञापन सौंपा, समाज पर हमलों का आरोप, विधायक विक्रम सैनी को भाजपा से निलंबित करने की मांग

Tricity Today | गाजियाबाद में ब्राह्मण समाज की 14 संस्थाओं ने ज्ञापन सौंपा



ब्राह्मण समाज ने शुक्रवार को गाजियाबाद में जिला प्रशासन को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के नाम एक ज्ञापन सौंपा है। ब्राह्मण समाज की 14 संस्थाओं ने संयुक्त रूप से यह ज्ञापन दिया है। संस्थाओं का कहना है कि राज्य में ब्राह्मण समाज पर लगातार अत्याचार किए जा रहे हैं। लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है। जेल भेजा जा रहा है। ब्राह्मण समाज के कद्दावर लोगों की हत्याएं की जा रही हैं। इन सामाजिक संस्थाओं ने ब्राह्मणों पर हो रहे हमलों को तत्काल प्रभाव से रोकने की मांग की है।

पंडित नानक चंद शर्मा ने बताया कि गाजियाबाद में राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ, अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा, अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा, ब्रह्म समर्पित ब्राह्मण महासभा, राष्ट्रवादी ब्राह्मण महासंघ, राष्ट्रीय परशुराम परिषद, अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा, युवा नौजवान ब्राह्मण समाज, राष्ट्रीय युवा ब्राह्मण परिषद, कौटिल्य सेना, राष्ट्रीय सर्व ब्राह्मण समाज सेवा समिति, ब्राह्मण परिवार उत्थान संस्थान, श्री परशुराम ब्राह्मण सभा और विराट ब्राह्मण महासभा ने संयुक्त रूप से एक ज्ञापन राज्यपाल के नाम जिला प्रशासन को दिया है।

नोएडा में ब्राह्मण समाज पर दर्ज मुकदमा वापस ले सरकार

इन लोगों का कहना है कि उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण समाज को एक साजिश के तहत निशाना बनाया जा रहा है। पिछले 3 वर्षो के दौरान राज्य में लगभग 600 से ज्यादा ब्राह्मण समाज के लोगों की हत्याएं हो चुकी हैं। जब इन हत्याओं के विरोध में नोएडा के ब्राह्मण समाज ने प्रदर्शन किया तो उन पर मुकदमे लगा दिए गए। यह पूर्णतया अनुचित है। इन मुकदमों को तत्काल प्रभाव से खत्म किया जाना चाहिए। लोकतंत्र में विरोध करने का सभी को अधिकार है। 

विक्रम जोशी के परिवार के लिए 50 लाख रुपए सहायता राशि मांगी

ब्राह्मण समाज के लोगों ने कहा, गाजियाबाद में युवा पत्रकार विक्रम जोशी की हत्या के प्रकरण में उत्तर प्रदेश सरकार ने केवल 10 लाख रुपए सहायता राशि दी है। परिवार को 50 लाख रुपए सहायता राशि दी जानी चाहिए। एक षड्यंत्र के तहत मृतक परिवार के खिलाफ झूठे मुकदमे की साजिश निंदनीय है। 

खतौली के विधायक विक्रम सैनी को निलंबित करें भाजपा

इन लोगों का कहना है कि अभी हाल में खतौली से भारतीय जनता पार्टी के विधायक विक्रम सैनी ने ब्राह्मण समाज पर अभद्र टिप्पणी की है। हमारी सरकार से मांग है कि विक्रम सैनी की सदस्यता तत्काल निलंबित की जाए। 

ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से प्रमोद शर्मा, सचिन शर्मा, अतुल शर्मा एडवोकेट, चंचल शर्मा, पंडित राकेश शर्मा, विमल शर्मा, अमित शर्मा, विकास पंडित, प्रशांत शर्मा, आशु पंडित, रजत कौशिक, भूषण पंडित, योगेश शर्मा, पंडित चमन शर्मा, पंडित प्रशांत शर्मा, पंडित रविकांत शर्मा और बिल्लू पंडित शामिल रहे।

अन्य खबरें