Ghaziabad: पत्रकार को गोली मारने के चंद घंटे बाद ही पुलिस के हत्थे चढ़े 5 हमलावर

Ghaziabad Police | पत्रकार को गोली मारने के चंद घंटे बाद ही पुलिस के हत्थे चढ़े 5 हमलावर



गाज़ियाबाद के विजयनगर इलाके में सोमवार शाम पत्रकार को घेर कर गोली मारने की घटना के चंद घंटों बाद ही पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। यह वरदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। जिसके आधार पर पुलिस ने पांचों हमलावरों को शिकंजे में लिया है। बताया जा रहा है कि पत्रकार ने पिछले दिनों पुलिस को तहरीर देकर भांजी से छेड़छाड़ करने वालों पर कार्रवाई की मांग की थी। तहरीर देने से नाराज़ बदमाशों ने सोमवार की देर रात पत्रकार के सिर में गोली मार दी। 

एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि थाना विजयनगर क्षेत्र में सोमवार देर शाम करीब आधा दर्जन हमलावरों ने जनसागर टुडे अखबार से जुड़े पत्रकार विक्रम जोशी को घेर कर नजदीक से गोली मार दी थी। घटना के बाद सभी हमलावर फरार हो गए थे। वहीं गंभीर घायल पत्रकार को उपचार के लिए यशोदा अस्पताल में दाखिल कराया गया था। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। जिसमें साफ नजर आ रहा है कि वारदात के तुरंत बाद विक्रम की बेटी पास में आती है और घबराए हुई मदद के लिए चिल्लाती है।

इसी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को पहचान कर 5 आरोपियों को धर दबोचा है। एसएसपी के मुताबिक इस घटना के आरोपी मोहित, दलबीर, आकाश, रवि और शाकिर को गिरफ्तार लिया गया है। घटना के बारे में अभी और तफ्तीश जारी है।

विक्रम जोशी के भाई अनिकेत जोशी ने बताया कि कुछ दिन पहले उनकी भांजी के साथ कुछ लड़के छेड़खानी कर रहे थे। जिसका विरोध उनके भाई विक्रम जोशी ने किया था। विक्रम जोशी ने इसकी तहरीर थाने में भी दी थी और मुकदमा भी लिखा था। मगर उस समय किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया था। सोमवार को उन लोगों ने मेरे भाई पर हमला कर दिया। अगर पुलिस कार्रवाई करती तो शायद विक्रम आज अस्पताल में भर्ती ना होता, फिलहाल पत्रकार जिंदगी और मौत से अस्पताल में लड़ रहा है।

अन्य खबरें