Ghaziabad News : शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो



राजनगर एक्सटेंशन की गौर कासकेड सोसाइटी में युवती के साथ दुष्कर्म के मामले में सिहानी गेट कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने रविवार की देर रात पीडि़ता की तहरीर के अधार पर आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया था। 

क्षेत्राधिकारी द्वितीय अवनीश कुमार ने बताया कि रात में तहरीर मिलने के तत्काल बाद उन्होंने मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए थे। वहीं, पीडि़ता का बयान कराने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। 

गौरतलब है कि रविवार की रात पुलिस पर आरोपी को हिरासत में लेकर छोडऩे के आरोप लगे थे। इसके जवाब में क्षेत्राधिकारी ने बताया कि बिना पीडि़ता के बयान दर्ज कराए किसी की गिरफ्तारी नहीं होती। पुलिस इस मामले में विधिक प्रक्रिया का पूर्णत: पालन कर रही है। आरोपी की पहचान अर्चित निवासी कविनगर के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जरूरी पूछताछ के बाद उसे जेल भेजा गया है। 

मुकदमा लिखाने थाने पहुंची पीडि़ता ने रविवार की रात एक वीडियो सोशल मीडिया पर डाला था। इस वीडियो में उसने बताया था कि गौर कासकेड सोसाइटी में रहने वाले अर्चित ने पिछले दिनों शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। उसके बाद वह उसे छोड़कर गायब हो गया। बड़ी मुश्किल से उसने आरोपी को घेरा तो वह शादी के लिए तैयार हो गए। लेकिन अब एक बार फिर उसने मना कर दिया है। 

युवती का आरोप है कि अर्चित अब उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीडि़ता ने बताया कि यह वारदात दो अक्तूबर की है। उसी समय से वह पुलिस के चक्कर काट रही है। इधर दो दिनों से वह मुकदमा दर्ज कराने के लिए लगातार चौकी से थाने के चक्कर काट रही है।

अन्य खबरें