विदेश यात्रा करके नोएडा वापस घर नहीं आएगा एयर इंडिया का स्टाफ

नोएडा | 4 साल पहले | Tricity Reporter

Google Images |



विदेशों में फंसे भारतीयों को वापस लाने और भारत में रह रहे विदेशियों को वापस भेजने के लिए एयर इंडिया जल्दी ही ऑपरेशन शुरू करने वाली है। इस ऑपरेशन में नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बड़ी संख्या में रह रहे एयर इंडिया के पायलट और क्रू मेंबर काम करेंगे। उत्तर प्रदेश सरकार ने निर्णय लिया है कि फ्लाइट करने के बाद यह पायलट और क्रू मेंबर वापस नोएडा नहीं आएंगे। इन लोगों को कोविड-19 प्रोटोकॉल पूरा करना होगा, उसके बाद ही घर वापसी संभव हो पाएगी।

गौतमबुद्ध नगर के अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) ने बताया कि गृह मंत्रालय और स्वास्थ्य मंत्रालय ने ऐसे भारतीय नागरिकों को वापस लाने का निर्णय लिया है, जो देश के बाहर हैं और कोविड-19 के कारण भारत वापस नहीं आ पा रहे हैं। दूसरी ओर भारत में फंसे विदेशी नागरिकों को उनके देश भेजा जाएगा। इन हवाई यात्राओं को पूरा करने के लिए क्रू मेंबर्स की जरूरत होगी। काफी संख्या में क्रू मेंबर्स गौतमबुद्ध नगर में निवास कर रहे हैं। इन क्रू मेम्बर्स को गौतमबुद्ध नगर से दिल्ली आना-जाना पडे़गा। एडिशनल सीपी ने कहा, गौतमबुद्ध नगर रेड जोन में है और कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने और गौतमबुद्ध नगर के निवासियों के कोविड-19 से बचाव को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया गया है।

क्रू मेंबर्स गौतमबुद्ध नगर में निवास करते हैं और दिल्ली या अन्य दूसरे स्थानों से हवाई यात्रा करेंगे, उनकी ड्यूटी समाप्ति के बाद उन्हें निर्धारित प्रोटोकॉल पूरा करने के बाद ही वापस आने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस सम्बन्ध में जिला प्रशासन और अपर मुख्य सचिव (गृह) से विचार विमर्श के बाद यह निर्णय लिया है। यूपी के अपर मुख्य सचिव (गृह) ने एयर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक से यह अनुरोध किया है कि एयर इण्डिया के क्रू मेम्बर्स को इस ऑपरेशन के दौरान दिल्ली में ही रखा जाए। क्रू मेंबर्स लौटकर नोएडा और ग्रेटर नोएडा नहीं आएंगे।

हजारों की संख्या में भारतीय नागरिक यूरोप, अमेरिका, सऊदी अरब, समेत एशियाई मुल्कों में फंसे हुए हैं। कोरोनावायरस के कारण दुनिया भर में फैली महामारी के चलते यह लोग भारत वापस नहीं लौट सके। ठीक इसी तरह भारत में भी दुनिया भर के हजारों लोग फंसे हुए हैं। अब भारत सरकार ने अपने लोगों को विदेशों से वापस लाने और भारत में फंसे विदेशी नागरिकों को उनके घर वापस भेजने का निर्णय लिया है। इसके लिए एयर इंडिया की उड़ानों का इस्तेमाल किया जाएगा।

अन्य खबरें