BIG BREAKING: एसडीएम जेवर और एडीएम गाजियाबाद कोरोना पॉजिटिव, अस्पताल में भर्ती

Google Images | SDM Jewar and ADM Ghaziabad



गौतम बुध नगर और गाजियाबाद से बड़ी खबर सामने आ रही है। गौतम बुध नगर में जेवर की उपजिलाधिकारी गुंजा सिंह और गाजियाबाद में अपर जिलाधिकारी (नगर) शैलेन्द्र सिंह कोरोना संक्रमित हो गए हैं। दोनों पति-पत्नी हैं। दोनों को उपचार के लिए गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती किया गया है।

गौतम बुध नगर में जेवर तहसील की उपजिलाधिकारी गुंजा सिंह और उनके पति गाजियाबाद के अपर जिलाधिकारी नगर शैलेंद्र सिंह कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं। दोनों को उपचार के लिए गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उनके संपर्क में आने वाले लोगों की पहचान कर ली गई है। उनकी भी जांच की जा रही है। 

मिली जानकारी के मुताबिक गाजियाबाद के अपर जिला अधिकारी शैलेंद्र सिंह पहले संक्रमण की चपेट में आए थे। उपचार के बाद उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई थी और उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था। लेकिन वह एक बार फिर संक्रमण की चपेट में आए हैं। उन्हीं के सम्पर्क में आने से एसडीएम गुंजा सिंह को भी संक्रमण हुआ है। अब दोबारा शैलेंद्र सिंह को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। गुंजा सिंह की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें भी गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में ही भर्ती किया गया है।

गाजियाबाद में एडीएम शैलेंद्र सिंह और इधर गौतम बुध नगर में एसडीएम गुंजा सिंह ने कोरोना संक्रमण के खिलाफ चल रही जंग में शानदार काम किया है। दोनों अधिकारी दिन-रात अपने-अपने क्षेत्रों में हालात संभालने में जुटे रहे हैं। गाजियाबाद शहर शुरू से रेड जोन है। बड़ी संख्या में कंटेनमेंट जोन भी हैं। शैलेंद्र सिंह पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर लगातार गाजियाबाद की हाउसिंग सोसायटी और सेक्टरों में काम करते रहे। वह कंटेनमेंट जोन में सीलिंग के दौरान लोगों का उत्साह बढ़ाने के लिए घूम घूमकर एडवाइजरी जारी कर रहे थे। डोर स्टेप डिलीवरी के जरिए आवश्यक सेवाओं को सुनिश्चित करने में शैलेंद्र सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

ठीक इसी तरह जेवर की एसडीएम गुंजा सिंह ने भी तहसील क्षेत्र में संक्रमण बढ़ने के बाद बड़ी शिद्दत से काम किया है। वह गांव-गांव गईं और लोगों को संक्रमण के प्रति जागरूक किया। जेवर, जहांगीरपुर, दनकौर, रबूपुरा और बिलासपुर कस्बों में वह लगातार व्यापारियों के साथ बैठक कर रही थीं। उन्हें सोशल डिस्टेंसिंग के साथ बाजार खोलने के लिए प्रेरित कर रही थीं। गुंजा सिंह ने समय-समय पर संक्रमण को काबू करने के लिए अपने इलाके में बाजारों को बंद भी करवाया है। गौतम बुध नगर में सबसे ज्यादा ग्रामीण इलाका गुंजन सिंह की तहसील में ही लगता है गुंजा सिंह ने पिछले 3 महीनों के दौरान गांवों में संक्रमण को रोकने के लिए विशेष जागरूकता अभियान संचालित किया है।

आपको बता दें कि इससे पहले गौतमबुद्ध नगर की डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स ऑफिसर भी कोरोना वायरस की चपेट में आ गई थीं। दो दिन पहले गौतम बुध नगर में एक पुलिसकर्मी की संक्रमण के कारण मौत हुई है। नोएडा ग्रेटर नोएडा में करीब 25 पुलिसकर्मी अब तक संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।

अन्य खबरें