जिले में कानून-व्यवस्था बहुत सुधरी है, पुलिस कमिश्नरेट पर बोले दादरी विधायक तेजपाल नागर

Tricity Today | पुलिस कमिश्नरेट पर बोले दादरी विधायक तेजपाल नागर



गौतम बुद्ध नगर में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था का फायदा हुआ या नुकसान। यह फेल हुई या पास। इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी के दादरी से विधायक तेजपाल सिंह नगर ने कहा, "पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था से जिले की कानून-व्यवस्था में गुणात्मक सुधार हुआ है। यह व्यवस्था कामयाब है और आने वाले वक्त में इसे और बेहतर ढंग से लागू करने की जरूरत है।

भारतीय जनता पार्टी की नोएडा महानगर इकाई गौतम बुध नगर में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था से असंतुष्ट है। महानगर इकाई ने पुलिस के खिलाफ लॉकडाउन में धरना-प्रदर्शन भी किया था। अब बुधवार को जिले के दौरे पर आए औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना से इस सिस्टम को खत्म करने की मांग उठाई है। नोएडा भाजपा का कहना है कि यह व्यवस्था फेल हो गई है और इसकी वजह से जिले की जनता में नकारात्मक संदेश गया है। यह खत्म करने की आवश्यकता है। 

इस मुद्दे पर दादरी से भारतीय जनता पार्टी के विधायक तेजपाल सिंह नागर ने कहा, "पुलिस आयुक्त व्यवस्था का बड़ा लाभ हुआ है। मैं एक उदाहरण देकर समझाना चाहता हूं। मेरे निर्वाचन क्षेत्र में ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासी गौरव चंदेल की 5 जनवरी 2020 की रात कार लूट के दौरान हत्या कर दी गई थी। उसके तुरंत बाद जिले में यह व्यवस्था लागू की गई थी। पुलिस कमिश्नर ने तेजी से काम किया। मामले का खुलासा किया गया। दोषियों को जेल भेजा गया। उसके बाद से अब तक इस तरह का कोई भी हिनीयस क्राइम गौतम बुद्ध नगर जिले में नहीं हुआ है। मैं निरंतर देख रहा हूं जिले में जो अपराधिक घटनाएं हो रही हैं, उनका खुलासा पुलिस पूरी तत्परता के साथ कर रही है।"

तेजपाल सिंह नगर आगे कहते हैं, "जब जिले में पुरानी पुलिस व्यवस्था लागू थी तो इतनी आसानी से अपराधी पकड़े नहीं जाते थे। मुकदमें लंबित पड़े रहते थे। चार्जशीट फाइल होने में समय लगता था। मामलों का खुलासा और गिरफ्तारी करने के लिए लोग शिकायतें लेकर आते थे। अब इन सारी बातों का में बड़ा फर्क आया है। लिहाजा, मैं व्यक्तिगत रूप से इस व्यवस्था के पक्ष में हूं। जिस तरह से गौतम बुध नगर में आपराधिक प्रवृत्ति के लोग हावी रहे हैं, उन्हें नियंत्रित करने के लिए यह व्यवस्था कामयाब साबित हुई है।" कुल मिलाकर विधायक तेजपाल सिंह नगर पुलिस कमिश्नरेट को जिले के लिए बेहतर मानते हैं और वह इसे सख्ती से लागू करने की हिमायत कर रहे हैं।

अन्य खबरें