मंदिर से घर लौट रहे आप विधायक के काफिले पर हमला, एक युवक की मौत

Tricity Today | आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश यादव



मंगलवार की देर रात आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश यादव के काफिले पर किशनगढ़ इलाके में हमला किया गया है। नरेश ने महरौली से चुनाव लड़ा और मंगलवार को जीतने के बाद वह पूजा अर्चना करने मंदिर गए थे। जब मंदिर से घर लौट रहे थे तभी उनके काफिले पर गोली चलाई गईं। गोली लगने से एक कार्यकर्ता की मौत हो गई और दूसरा गम्भीर रूप से घायल है।

आप नेता संजय सिंह में ट्वीट किया और जानकारी दी कि पार्टी के विधायक नरेश यादव के काफिले पर हमला किया गया है। जिसमें एक कार्यकर्ता की मौत हो गई है और दूसरा घायल हो गया है। विधायक नरेश यादव सुरक्षित हैं। घायलों को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती किया गया है। आम आदमी पार्टी ने भी हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि नरेश यादव सुरक्षित हैं। उनके काफिले पर मंदिर से लौटते हुए हमले हुआ है।

राज्यसभा सांसद संजय सिंह के मुताबिक काफिले पर गोली चलाई गई है। इसमें पार्टी कार्यकर्ता अशोक मान की मौत हो गई है। एक अन्य कार्यकर्ता घायल हुआ है। घायल को अस्पताल में भर्ती किया गया है और पुलिस को मामले की जानकारी दी गयी है। वहीं पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिस शख्स को गोली लगी है, विधायक नरेश यादव की गाड़ी में नहीं था। वह युवक काफिले की दूसरी गाड़ी में था। शुरुआती जांच में यह भी सामने आ रहा है कि मरने वाले युवक के खिलाफ भी कई आपराधिक केस दर्ज हैं।

ऐसे में पुलिस आशंका जता रही है कि अशोक मान ने कुछ दिनों पहले एक युवक को गोली मारी थी। हो सकता है कि उसका बदला लेने के लिए उसको गोली मारी गई है। हालांकि, आरोपियों ने जिस तरह से खुले आम और विधायक के काफिले को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम दिया है, उससे एक बार देश की राजधानी में कानून-व्यवस्था के हाल पर सवाल खड़ा हो गया है।

अन्य खबरें