BIG BREAKING:  नोएडा के निवासी बुजुर्ग की दिल्ली में कोरोना से मौत, कैंसर से भी पीड़ित थे

नोएडा | 4 साल पहले | Tricity Reporter

Tricity Today | प्रतीकात्मक फोटो



एक बड़ी दुखद घटना दिल्ली से सामने आई है। नोएडा के रहने वाले एक बुजुर्ग की दिल्ली में मौत हो गई है। वह कैंसर से पीड़ित थे। जिसके लिए उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। वहां उनका कोरोनावायरस से संक्रमण का टेस्ट करवाया गया था, जो पॉजिटिव आया था। शुक्रवार को उनकी दिल्ली के अस्पताल में मौत हो गई। इस तरह अब नोएडा शहर में कोरोनावायरस के कारण मरने वाले लोगों की संख्या 4 हो गई है। इससे पहले तीन बुजुर्गों की मौत ग्रेटर नोएडा के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान और शारदा अस्पताल में उपचार के दौरान हो चुकी हैं।

गौतमबुद्ध नगर के जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ सुनील दोहरे ने बताया कि नोएडा के सेक्टर-150 में रहने वाले बुजुर्ग की मौत हो गई है। वह 71 वर्ष के थे। उन्हें दिल्ली के गवर्नमेंट हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। उनका कोविड-19 टेस्ट करवाया गया, जो पॉजिटिव पाया गया था। वह कैंसर से पीड़ित थे और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किए गए थे। मल्टी ऑर्गन फैलियर के कारण उनकी मौत हुई है। उनके परिवार के सदस्यों को पहले से ही क्वॉरेंटाइन करके रखा गया है कोरोना वायरस की टेस्ट रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।

आपको बता दें कि नोएडा शहर में कोरोनावायरस के कारण यह चौथे बुजुर्ग की मौत हुई है। इससे पहले नोएडा के सेक्टर-22, सेक्टर-66 और सेक्टर-19 में पिछले सप्ताह 3 बुजुर्गों की मौत हुई थी। इनमें से 2 मौत ग्रेटर नोएडा के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में हुई हैं। जबकि एक बुजुर्ग की मौत शारदा अस्पताल में हुई। इन तीनों लोगों की मौत का कारण भी मल्टी ऑर्गन फेलियर और स्ट्रेस डिसऑर्डर था।

दूसरी ओर गौतम बुद्ध नगर जिले में कोरोनावायरस से पीड़ित लोगों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जानकारी दी गई है कि नोएडा के चार और लोग कोरोनावायरस से पीड़ित पाए गए हैं। इस तरह अब जिले में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 242 तक पहुंच चुकी है। शुक्रवार को सामने आए मरीज नोएडा के फेस-2, सेक्टर-5 और सेक्टर-12 के निवासी हैं। इन सभी लोगों को स्वास्थ्य विभाग ने उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कर दिया है। इनके संपर्क में आने वालों और परिवार के सदस्यों को क्वॉरेंटाइन किया जा चुका है।

अन्य खबरें