NOIDA: 17वीं मंजिल से कूदकर महिला टीचर ने की आत्महत्या

नोएडा | 4 साल पहले | Rakesh Tyagi

Tricity Today | Female teacher commits suicide by jumping from 17th floor



नोएडा के सेक्टर 78 स्थित अंतरिक्ष गोल्फ व्यू-2 सोसाइटी में रहने वाली एक महिला टीचर ने 17वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार महिला लॉकडाउन के चलते मानसिक तनाव में थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) संकल्प शर्मा ने बताया कि सेक्टर 78 स्थित अंतरिक्ष गोल्फ व्यू-2 सोसाइटी के एफ-ब्लाक में रहने वाली 35 वर्षीय भगवती बिष्ट ने शनिवार सुबह 4 बजे के करीब अपनी सोसाइटी की 17वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। अधिकारी ने बताया कि महिला दिल्ली के एक सरकारी स्कूल में टीचर थीं। मृतक महिला के पति का मेडिकल का कारोबार है।

एक स्थानीय निवासी ने बताया, महिला आज सुबह करीब 3 बजे मेन गेट से अपनी कार में आई थी। उसने टॉवर-ए के एंट्रेंस पर कार रोकी थी। वहां कोई गार्ड उपलब्ध नहीं था। उसने 3.30 बजे लिफ्ट ली और 16/17 मंजिल पर गई और कूद गई। उसका पति सो रहा था और टॉवर एच में फ्लैट है।

बाद में सूचना देने पर पुलिस आई और उसे जांच के लिए ले गई। पुलिस को उसकी कार टॉवर के पास मिली है। महिला के माता-पिता सेक्टर 12/22 में रहते हैं। सूचना मिलने पर वह भी पहुंचे। महिला के दो बच्चे भी हैं। डीसीपी ने बताया कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
 

अन्य खबरें