अपराध: गौतमबुद्ध नगर में धर्मांतरण कानून के तहत पहला मुकदमा दर्ज, विदेशी महिला समेत चार गिरफ्तार

न्यूज़ | 3 साल पहले | Rakesh Tyagi

Tricity Today | गिरफ्तार आरोपी



सूरजपुर कस्बे में एक दलित परिवार को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने वाली एक विदेशी महिला समेत चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कस्बे के लोगों का आरोप है कि पकड़े गए आरोपियों ने दलित परिवार को जबरन ईसाई धर्म अपनाने के लिए मजबूर किया। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा हरिश्चंद्र ने बताया कि शनिवार की सुबह सूरजपुर कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कुछ लोग जबरन एक दलित परिवार को ईसाई धर्म अपनाने के लिए मजबूर कर रहे हैं। परिवार के लोगों को प्रलोभन देकर जबरन धर्म परिवर्तन करवा रहे थे। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं और एक पुरुष को हिरासत में लिया।

इसके बाद पुलिस ने इन्हें सूरजपुर थाने लेकर पहुंची। पुलिस की छानबीन में पता चला कि पकड़े गए आरोपी प्रलोभन देकर लोगों को जबरन धर्म परिवर्तन करने के लिए मजबूर करते थे। पिछले काफी दिनों से यह लोग कस्बे वे आस-पास के गांवों में सक्रिय थे। डीसीपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में एक महिला अनमोल दक्षिण कोरिया की रहने वाली है। जबकि दो महिलाएं सीमा और संध्या व एक व्यक्ति उमेश प्रयागराज के रहने वाले हैं।

यह सभी आरोपी फिलहाल ग्रेटर नोएडा में रह रहे थे। इस मामले में थाना सूरजपुर में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की जांच पड़ताल में पता चला है कि इस दल के लोगों ने इससे पहले भी कई निवासियों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रलोभन दिया है। पुलिस इसके बारे में जानकारी जुटा रही है।

अन्य खबरें