BIG BREAKING : राहुल और प्रियंका गांधी समेत सात लोग हाथरस जाएंगे, ट्राइसिटी टुडे ने पहले ही दी थी जानकारी

नोएडा | 4 साल पहले | Anika Gupta

Tricity Today | राहुल और प्रियंका गांधी समेत सात लोग हाथरस जाएंगे



हाथरस जाने के लिए नोएडा डीएनडी पहुंचे कांग्रेस के नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत सात लोगों को हाथरस जाने की अनुमति दे दी गई है। गौतमबुद्ध नगर के अपर पुलिस आयुक्त लव कुमार के साथ हुई बातचीत में यह तय हुआ है। गौतमबुद्ध नगर पुलिस इन 7 लोगों को अपने साथ लेकर हाथरस जाएगी और फिर वहां से वापस लेकर आएगी। दूसरी ओर राहुल और प्रियंका गांधी के साथ आई कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ को वापस लौटना होगा। जानकारी मिली है कि इस फार्मूले पर पुलिस और राहुल गांधी के बीच सहमति बन गई है।

राहुल, प्रियंका गांधी और उनके सांसदों को हाथरस जाने की इजाजत दे दी जाएगी। यह जानकारी आज सुबह ही ट्राइसिटी टुडे ने दे दी थी। दरअसल, उत्तर प्रदेश सरकार ने विपक्ष से किसी भी तरह का टकराव नहीं करने की रणनीति बनाई है। यही वजह रही कि शनिवार को राज्य के पुलिस महानिदेशक एचसी अवस्थी और अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश कुमार अवस्थी को पीड़ित परिवार के घर भेज दिया गया। दूसरी ओर मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने भी शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील की थी। 

उमा भारती ने कहा था कि विपक्षी दलों के नेताओं को परिवार से मिलने दिया जाए। इसमें कोई बुराई नहीं है। उमा भारती ने तो यहां तक लिखा था कि उत्तर प्रदेश पुलिस के खराब रवैये के कारण राज्य सरकार, योगी आदित्यनाथ और भाजपा की छवि पूरे देश में खराब हुई है। उमा भारती के दखल के बाद ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पूरे मामले की नए सिरे से समीक्षा की। उमा भारती के ट्वीट आने के करीब 2 घंटे बाद हाथरस के एसपी और डीएसपी समेत पांच पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार की रात ही पुलिस महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव को हाथरस जाकर हालात का जायजा लेने का आदेश दे दिया था।

इधर, अब शनिवार को दोपहर बाद करीब 3:45 बजे राहुल और प्रियंका गांधी 35 सांसदों के साथ नोएडा डीएनडी पहुंचे। राहुल गांधी से बात करने के लिए गौतमबुद्ध नगर के अपर पुलिस आयुक्त लव कुमार गए। लव कुमार ने राहुल गांधी की मांग सुनी। ऊपर से मिले निर्देश का अनुपालन करते हुए लव कुमार ने 5 मिनट की बातचीत में ही राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और पांच अन्य लोगों को हाथरस जाने की अनुमति दे दी। साथ ही लव कुमार ने राहुल गांधी से कहा कि वह कांग्रेस के बाकी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को तत्काल डीएनडी खाली करने का निर्देश दे दें।

अन्य खबरें