गौतमबुद्ध नगर: सामाजिक संगठनों ने दिया धरना, बोले- जिले में कानून-व्यवस्था का बुरा हाल

Tricity Today | सामाजिक संगठनों ने दिया धरना



सोमवार को सर्वदलीय सर्व सामाजिक संगठनों के तत्वधान में कानून व्यवस्था की बदहाली को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन किया गया। धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कृपाराम शर्मा ने की और संचालन राष्ट्रीय महा ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमोद शर्मा ने किया। प्रदेश में कानून व्यवस्था अत्यंत खराब होने के प्रतिकार में प्रदर्शनकारियों ने धरना प्रदर्शन में काली पट्टी बांधकर धरना दिया। 

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमोद शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध चरम पर है। ब्राह्मण समाज के लोगों की लगातार हत्याएं हो रही हैं। उत्तर प्रदेश ब्रह्म हत्या का प्रदेश बन गया है। जिस कारण जेवर विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह जी ने गौरव चंदेल की हत्या होने के बाद उनके परिवार को 20 लाख रुपये की आर्थिक मदद सरकार से दिलाई। गौरव चंदेल की पत्नी को नौकरी दिलाने का पुनीत कार्य किया। उसी प्रकार राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने सुदीक्षा भाटी के परिवार को 20 लाख रुपये की धनराशि की आर्थिक मदद सरकार से दिलाई। सुदीक्षा भाटी के नाम से एक प्रेरणा स्थल व पुस्तकालय निर्माण की घोषणा कराई।

प्रमोद शर्मा ने कहा, उसी प्रकार अक्षय कालरा छात्र के नाम से नोएडा में एक लाइब्रेरी और प्रेरणा स्थल बनाया जाए। उनके परिवार की भी आर्थिक मदद करें। अक्षय कालरा के हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी हो। उनके परिवार को सुरक्षा मिले। प्रमोद शर्मा ने कहा, शेरू भाटी, डाल चंद शर्मा, अरुण त्यागी और प्रदीप के परिवार को भी एक समान आर्थिक सहायता सरकार दे। इन सब के बच्चों की शिक्षा और परिवार की सुरक्षा का प्रबंध करें।

इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कृपा राम शर्मा ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बदहाल है। वर्तमान सरकार में हमारे जिले के चुने हुए जनप्रतिनिधि नाकाम साबित हो चुके हैं। पुलिस तंत्र से आमजन पीड़ित हो रहा है। जब से जिले में कमिश्नरी व्यवस्था लागू हुई है, तभी से जिले में भ्रष्टाचार एवं अपराध चरम पर है। जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर के आवास खाली पड़े हैं। राज्य सरकार ने करोड़ों रुपये खर्च करके मलकपुर गांव में सरकारी बनाए गए हैं। अफसर वहां नहीं रह रहे हैं। जिससे जिले के हर नागरिक को न्याय मिल सके। 

समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला महासचिव नवीन भाटी ने कहा कि पुलिस कमिश्नर का ऑफिस सूरजपुर में होना चाहिए, जो दफ्तर इधर-उधर चल रहे हैं, वह तत्काल बंद होने चाहिए। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव वीरेंद्र सिंह गुड्डू ने कहा कि अगर जिले में हत्या, बलात्कार, लूट और पुलिस विभाग में फैले भ्रष्टाचार पर रोक नहीं लगी तो हम लोग सड़कों पर उतरकर सरकार की खराब कानून व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष करेंगे। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष भूपेंद्र जादौन ने कहा कि अब तो नोएडा व ग्रेटर नोएडा शहर में बच्चे भी रात को सोते हुए डरते हैं। अगर जिले की कानून व्यवस्था ठीक नहीं हुई तो जिले से लोग पलायन करना शुरू कर देंगे।

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता श्याम सिंह भाटी ने कहा कि जिले में 15 वर्षों से जो पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहे हैं, उनकी सूची बनाकर तत्काल जिले से बाहर स्थानांतरण किया जाना चाहिए। राष्ट्रीय ब्राह्मण महासभा युवा के युवा जिला अध्यक्ष प्रिंस लखनावली, सचिन भारद्वाज बरौला, विभोर शर्मा और दिनेश पण्डित ने भी संबोधित किया। धरना प्रदर्शन में मुख्य रूप से समाजवादी पार्टी नेता चमन पंडित, चंचल शर्मा, टीटू शर्मा, विनोद पांडे, योगेंद्र प्रधान, हरीश शर्मा सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

अन्य खबरें