नोएडा-दिल्ली में सुबह से ट्रैफिक जाम, दोपहर में हालात सुधरे, शाम को फिर बिगड़ने की संभावना

Tricity Today | नोएडा-दिल्ली में सुबह से ट्रैफिक जाम



लॉकडाउन-4 में आम आदमी को आवागमन करने की इजाजत मिल गई है। इसके साथ ही नोएडा-दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में ट्रैफिक जाम लग रहा है। शुक्रवार को दिन निकलते ही नोएडा-दिल्ली के बॉर्डर समेत आसपास के पूरे इलाकों में ट्रैफिक जाम लगा रहा। दोपहर 12:00 बजे के बाद तक लोग लंबी-लंबी लाइनों में खड़े रहे। दोपहर में हालात सुधरे हैं लेकिन शाम को फिर ट्रैफिक जाम लगने की संभावना है। लिहाजा, नोएडा और दिल्ली के बीच आवागमन करने वाले लोग थोड़ा एहतियात बरतें।

लॉकडाउन-4 में छूट मिलने के बाद से दिल्ली में जाम लगने का सिलसिला फिर से शुरू हो गया है। शुक्रवार को भी ट्रैफिक जाम जारी है। दिल्ली के आइटीओ पर शुक्रवार की सुबह से ही भीषण जाम लग गया है। लोग चिलचिलाती धूप में परेशान हैं। दिल्ली-नोएडा के सीमावर्ती इलाकों में कई जगहों पर लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। 

रात 9 बजे के बाद सड़कें सूनी रहती हैं, दिन निकलते ही जाम
रात में 9 बजे के बाद शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। वहीं, नोएडा और दिल्ली की सड़कों पर सुबह से लेकर देर शाम तक जाम से हालात खराब हैं। हालत ऐसे हैं कि कई जगह तो लोगों को एक किलोमीटर का सफर तय करने में एक से डेढ़ घंटे का समय लग रहा है।

Heavy traffic congestion seen at ITO in Delhi. #lockdown pic.twitter.com/lsDvnPpMNH

— ANI (@ANI) May 22, 2020

नोएडा में शाम 7 बजे लागू हो जाता है कर्फ्यू (निषेधाज्ञा)
नोएडा दिल्ली बॉर्डर पर शाम के समय जाम लगने की एक और बड़ी वजह है। दरअसल, नोएडा में रोजाना शाम 7 बजे से अगले दिन सुबह 7 बजे तक कर्फ्यू लगता है। इस दौरान लोगों पर आवागमन की पाबन्दी है। लिहाजा, तमाम लोग शाम 7 बजे से पहले घर लौटने की कोशिश करते हैं। ऐसे में नोएडा बॉर्डर पर भीषण जाम लग जाता है। दूसरी ओर दिल्ली के कांलिदी कुंज इलाके में दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर लंबा जाम लग रहा है। इसकी वजह से लोग चिलचिलाती धूप में परेशान हैं।

नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर वाहनों का सबसे ज्यादा दबाव, जाम से जूझ रहे लोग
दिल्ली सरकार ने लॉकडाउन-4 में कंटेनमेंट और बफर जोन के अतिरिक्त अन्य सभी क्षेत्रों में लोगों को बड़ी रियायत दी हैं। इसके बाद से लगातार दिल्ली की सीमा से यूपी और हरियाणा जाने वाली सड़कों पर लगातार जाम लग रहा है। दिल्ली से नोएडा जाने वाले लोग अपने-अपने वाहन से कालिंदी कुंज और डीएनडी के रास्ते नोएडा में प्रवेश करने का प्रयास करते हैं। लेकिन नोएडा पुलिस केवल पास धारकों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को ही प्रवेश करने की अनुमति दे रही है। वहीं, फरीदाबाद सीमा पर भी चेकिंग के चलते वाहनों की लंबी कतार लग जाती हैं।

दिल्ली से नोएडा आने वाली लेन में लम्बा जाम लग रहा है
शुक्रवार की सुबह दिल्ली से नोएडा जाने वाले लोगों ने दिल्ली सीमा पार करने का प्रयास किया। लेकिन नोएडा पुलिस ने नोएडा प्रशासन के पास धारकों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को ही प्रवेश की अनुमति दी। जिसके कारण लंबा जाम लग गया। इस दौरान दिल्ली की तरफ से आने वाली लेन में लंबा जाम लग गया। वहीं, फरीदाबाद सीमा पर भी बदरपुर बॉर्डर के पास फरीदाबाद पुलिस ने भी केवल आवश्यक सेवाओं से जुड़े और पास धारकों को ही सीमा में प्रवेश की अनुमति दी। पुलिस की जगह-जगह बैरिकेडिंग की वजह से पूरे एनसीआर में अक्सर जाम लग रहा है।

अन्य खबरें