श्रद्धांजलि: गौतमबुद्ध नगर के दिग्गज किसान नेता बिहारी सिंह बागी का निधन

नोएडा | 3 साल पहले | Mayank Tawer

Tricity Today | गौतमबुद्ध नगर के दिग्गज किसान नेता बिहारी सिंह बागी का निधन



गौतमबुद्ध नगर के दिग्गज किसान नेता बिहारी सिंह बागी का रविवार की सुबह नोएडा में निधन हो गया है। वह करीब 90 वर्ष के थे। कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। बिहारी सिंह मूल रूप से ग्रेटर नोएडा में रूपवास के रहने वाले थे। वह पश्चिम उत्तर प्रदेश के बड़े किसान नेता रहे। उन्होंने अपने जीवन काल में दर्जनों आंदोलन किए। जिनमें नोएडा ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण और एनटीपीसी के खिलाफ चलाए गए आंदोलन प्रमुख थे।

चौधरी बिहारी सिंह करीब 90 वर्ष के थे। कई दलों में रहते हुए उन्होंने दो बार दादरी विधानसभा का चुनाव लड़ा था। पार्टी नेताओं से किसी न किसी बात को लेकर उनका टकराव हो जाता था तो वह बगावत करने से नहीं हटते थे। इसी वजह से उनका उपनाम बागी भी हो गया था।

बिहारी सिंह बागी के दो बेटे और बेटी हैं। उनका भरा पूरा परिवार है। उनकी बेटी सीनियर जर्नलिस्ट हैं। बड़े बेटे जितेंद्र कसाना सोशल वर्कर और राजनीति से तालुकात रखते हैं। उन्होंने पिछला लोकसभा चुनाव प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया से लड़ा था। छोटे बेटे यतेंद्र कसाना कारोबारी हैं। और गौतमबुद्ध नगर ऑल पेरेंट्स एसोसिएशन के संस्थापक हैं।

बिहारी सिंह बागी के निधन से गौतमबुद्ध नगर के किसानों में शोक की लहर है। बिहारी सिंह के शव को रविवार की सुबह उनके पैतृक गांव रूपवास लाया गया। दोपहर बाद करीब 2:00 बजे उनका अंतिम संस्कार किया गया है। इस दौरान इलाके से सैकड़ों लोग मौजूद रहे। किसान नेताओं और राजनीतिक पार्टियों से ताल्लुक रखने वाले लोगों ने अंतिम दर्शन किए और श्रद्धांजलि दी है।

अन्य खबरें