योगी-मोदी शुक्रवार को यूपी के एक करोड़ लोगों को देंगे रोजगार, नोएडा और ग्रेटर नोएडा की सबसे बड़ी हिस्सेदारी

Tricity Today | Yogi with Modi



मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 26 जून को एक साथ एक करोड़ लोगों को रोजगार देकर नया रिकॉर्ड कायम करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में यह रोजगार दिया जाएगा। एक साथ एक करोड़ से ज्यादा लोगों को रोजगार देने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य होगा। इसी दिन एमएसएमई इकाइयों को कर्ज भी दिया जाएगा। यह आयोजन 26 जून को होगा। प्रदेश में सबसे ज्यादा लोगों को नोएडा और ग्रेटर नोएडा देंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर इस अभियान की समीक्षा की है। प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम की स्वीकृति दे दी है। लॉकडाउन के बाद से प्रधानमंत्री पहली बार किसी राज्य से जुड़े ऐसे किसी आयोजन में शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री ने इसके लिए राज्य में प्रवासी कामगारों के आने के साथ ही स्किल मैपिंग का काम शुरू करवा दिया था।

प्रदेश सरकार ने 36 लाख श्रमिकों का डेटा बैंक मैपिंग के साथ तैयार किया है। योगी सरकार इन कामगारों को नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना प्राधिकरण, एमएसएमई, एक्सप्रेस वे, हाइवे, यूपीडा, मनरेगा आदि क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर रोजगार से जोड़ चुकी है। अब यह आंकड़ा एक करोड़ के पार पहुंचने वाला है। प्रदेश में एमएसएमई इकाई से क्षमता बढ़ाने और खुद को तकनीकी रूप से अपग्रेड करने के लिए 5 मई को 57 हजार से अधिक इकाईयों को ऑनलाइन लोन दिया गया था। 26 जून के कार्यक्रम में भी एमएसएमई को लोन दिया जाएगा।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बिल्डर एक लाख श्रमिकों को रोजगार मुहैया करवा रहे हैं। इसके लिए बिल्डरों की संस्था नरेडको ने उत्तर प्रदेश सरकार से एमओयू साइन किया था। दूसरी ओर नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण भी बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर दे रहे हैं। सबसे बड़ी हिस्सेदारी नोएडा और ग्रेटर नोएडा की करीब 10,000 एमएसएमई इकाइयां देंगी। इन इकाइयों में दो लाख से ज्यादा लोगों को सेवायोजित किया जा रहा है। इस तरह नोएडा और ग्रेटर नोएडा की हिस्सेदारी करीब 5 लाख श्रमिकों की है।

अन्य खबरें