लोकसभा चुनाव के बाद खुलासा : नोएडा सांसद डॉ.महेश शर्मा को हराना चाहते थे 17 बड़े भाजपा नेता, लखनऊ पहुंचा मामला

नोएडा | 4 दिन पहले | Mayank Tawer

Tricity Today | डॉ.महेश शर्मा



Noida News : गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ.महेश शर्मा ने यूपी में प्रचंड जीत हासिल की हैं। उन्होंने सबसे ज्यादा वोट हासिल किए। इस जीत के बाद हाईलेवल बैठक हुई, जिसमें एक ऐसा खुलासा हुआ। जिसे सुनकर सबसे होश उड़ गए। पता चला है कि गौतमबुद्ध नगर लोकसभा चुनाव में डॉ.महेश शर्मा को भाजपा के ही 17 बड़े नेता हराना चाहते थे। हालांकि, वह अपनी इस साजिश में फेल हो गए। अब यह मामला लखनऊ पहुंच चुका है। जल्द हाईकमान बड़ा एक्शन लेगा और नाम सार्वनजिक भी कर सकता है। फिलहाल गौतमबुद्ध नगर से 5 भाजपा नेताओं के नाम ऊपर भेजे गए हैं।

अभी 5 नाम संगठन को भेजे
दरअसल, लोकसभा चुनाव 2024 के पश्चात भाजपा संगठन हर लोकसभा क्षेत्र का विश्लेषण कर रहा है। गौतमबुद्धनगर लोकसभा सीट के संदर्भ में जो रिपोर्ट तैयार की गई है, वह बेहद चौंकाने वाली है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और संगठन के अन्य पदाधिकारियों की मानें तो समीक्षा के दौरान 17 नामों पर चर्चा हुई। जिन पर चुनाव में पार्टी प्रत्याशी डॉ.महेश शर्मा के खिलाफ काम करने के आरोप लगे थे। हालांकि, अंतिम रिपोर्ट में पांच लोगों के नाम हाईकमान को भेजे गए हैं। इनमें तीन जनप्रतिनिधि और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हैं।

पार्टी का आंतरिक मामला : सतेंद्र सिसौदिया
रिपोर्ट के अनुसार इनमें से दो जनप्रतिनिधि और एक पदाधिकारी निकटवर्ती जिले बुलंदशहर के हैं, जबकि अन्य गौतमबुद्ध नगर जिले से संबंधित हैं। समीक्षा के बाद तैयार हुई इस रिपोर्ट की चर्चा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच है। भाजपा के पश्चिम क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया ने कहा कि यह पार्टी का आंतरिक मामला है और एक-एक लोकसभा क्षेत्र की समीक्षा हो रही है। इसमें प्रत्याशियों, संगठन के पदाधिकारियों और लोकसभा प्रभारियों से चर्चा कर रिपोर्ट तैयार की गई है। गौतमबुद्धनगर लोकसभा सीट पर भी कुछ लोगों पर चुनाव में अनुशासनहीनता के आरोप लगे हैं, जिन पर पार्टी का शीर्ष नेतृत्व फैसला लेगा।

सबसे बड़ी जीत के साथ बढ़ा डॉ.महेश शर्मा का कद 
गौतमबुद्ध नगर लोकसभा से डॉ.महेश शर्मा की यह लगातार तीसरी जीत है। इस जीत के मायने पिछले दो जीतों से काफी अलग हैं। दरअसल, इस बार डॉ.महेश शर्मा ने यूपी में वोटों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत दर्ज कर हैट्रिक लगाई है। महेश शर्मा ने 8,57,829 मत पाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी गठबंधन के सपा प्रत्याशी डॉ. महेंद्र नागर को रिकॉर्ड 5,59,472 मतों से हराया। गौतमबुद्ध नगर सीट पर डॉ.महेश शर्मा की यह अब तक की सबसे बड़ी जीत है। उन्हें कुल पड़े मतों का 59.69 प्रतिशत मत मिला। इस जीत के साथ ही उनका कद भी बढ़ गया है।

वर्ष 2014 में पहली बार बने थे सांसद
डॉ.महेश शर्मा ने पहली बार वर्ष 2009 में चुनाव लड़ा था। उस चुनाव में उनको हार का सामना करना पड़ा था। भाजपा से डॉक्टर महेश शर्मा और बसपा से सुरेंद्र सिंह नागर के बीच कांटे की टक्कर हुई थी, जिसमें सुरेंद्र सिंह नागर सांसद बन गए थे। उसके बाद वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में डॉक्टर महेश शर्मा ने जीत हासिल की। उन्होंने समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार नरेंद्र भाटी को हरा दिया था। नरेंद्र भाटी अब भाजपा में हैं और एमएलसी हैं।

अन्य खबरें