नोएडा से बड़ी खबर : एनजीओ और सरकार से मदद दिलाने के नाम पर बेच डाला बच्चा, पुलिस ने मदद नहीं की, मां ने खटखटाया अदालत का दरवाजा

नोएडा | 1 साल पहले | Pankaj Parashar

Google Image | Gautam Budh Nagar District Court



Noida News : नोएडा से आज की बड़ी खबर है। एक महिला ने शहर के अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया। मां-बाप को झांसे में लेकर कुछ लोगों ने नवजात बच्चा बेच डाला। महिला और उसके पति को इन लोगों ने झांसा दिया कि एक एनजीओ और सरकार से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलवाएंगे। महिला और उसके पति को नोएडा में सब रजिस्ट्रार के दफ्तर ले जाकर कुछ कागजी कार्यवाही करवाई गई। इसके बाद एक दंपति बच्चे को लेकर गायब हो गए। महिला का आरोप है कि वह तभी से अपने बच्चे की तलाश में ठोकरें खा रही है। नोएडा पुलिस से शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं की गई। मजबूर होकर महिला ने गौतमबुद्ध नगर जिला अदालत का दरवाजा खटखटाया। अदालत ने दो महिलाओं समेत चार लोगों पर एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है। नोएडा पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच की जा रही है।

क्या है मामला
थाना सेक्टर-113 के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद प्रजापति ने बताया कि सर्फाबाद गांव में रहने वाली पिंकी ने अदालत में सीआरपीसी की धारा 156(3) के तहत आवेदन किया। अब अदालत के आदेश पर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। महिला का आरोप है कि 12 अक्टूबर 2022 को उन्होंने जिला अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया था। इस बात की जानकारी उनके पति ने अपने ताऊ के बेटे सतीश को दी। सतीश ने अगले दिन नोएडा आकर उनसे कहा कि उनके एक परिचित हैं, जिनकी एक सामाजिक संस्था (एनजीओ) चलती है। वह नवजात बच्चा पैदा होने पर पैसा दिलवा देते हैं। तुम्हें शासन से 5 लाख रुपए मिल जाएंगे। कल दो बड़े अफसर आएंगे। उनके साथ चलना पड़ेगा और फिर वह 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद करवाएंगे।

दस्तावेजों पर करवाए हस्ताक्षर
महिला का आरोप है कि सतीश ने शासन से पैसे दिलवाने का लालच देकर अमित जैन, नेहा जैन और मंजू शर्मा नामक लोगों से मिलवाया। यह सारे लोग पिंकी, उसके पति और बच्चे को एक सरकारी दफ्तर में लेकर पहुंचे। उससे कुछ दस्तावेज पर हस्ताक्षर करवाया। एसएचओ ने बताया कि पीड़िता के अनुसार आरोपी उसके बच्चे को यह कहकर लेकर गए कि सरकारी पैसे लेने के लिए बच्चे को वहां पर दिखाना पड़ेगा। जब पिंकी 8 दिसंबर 2022 को सतीश के पास गई और कहा कि उसका बच्चा वापस कर दो तो उसने कहा कि तुमने कानूनी रूप से बच्चे को गोद दे दिया है।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
पिंकी का आरोप है कि वह और उसके पति अशिक्षित हैं। इसका फायदा उठाकर सतीश, नेहा जैन, अमित जैन और मंजू शर्मा ने उसके बच्चे को अगवा कर लिया है। पिंकी ने सतीश पर बच्चे को बेचने का आरोप लगाया है। पिंकी ने अदालत को बताया कि इस पूरे घटनाक्रम की पुलिस से शिकायत की थी लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। उसे मजबूर होकर अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा। अब मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर घटना की रिपोर्ट पुलिस ने दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि चारों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 363 और 506 के तहत दर्ज किया गया है।

अन्य खबरें