काम की खबर : दिल्ली मेट्रो में खो गया सामान तो न हो परेशान, पढ़िए वापस लेने का प्रोसेस

नोएडा | 4 घंटा पहले | Sachin Ahlawat

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो



Noida News : दिल्ली मेट्रो रोजाना लाखों यात्रियों को अपनी सेवाएं देती है। दिल्ली मेट्रो ने दिल्ली एनसीआर में यात्रा के लिए एक सुविधाजनक और सस्ते साधन के रूप में अपनी महत्वपूर्ण जगह बनाई है। शहर की व्यस्त जीवनशैली और ट्रैफिक जाम को देखते हुए मेट्रो ने यात्रियों को न केवल समय की बचत करने में मदद की है बल्कि उन्हें एक आरामदायक यात्रा का अनुभव भी प्रदान किया है। ऑफिस के लिए रोजाना यात्रा करने वाले लोग हों या वीकेंड पर घूमने का मन बनाने वाले, मेट्रो अब लोगों की पहली पसंद बन चुकी है। इसकी सस्ती दरें और तेज़ गति, यात्रियों को ट्रैफिक की झंझटों और धूप से बचाते हैं। मेट्रो की सुविधा के कारण, लोग बिना किसी तनाव के विभिन्न स्थानों पर आसानी से पहुंच सकते हैं। जिससे यह परिवहन का एक बेहद आकर्षक विकल्प बनता है।

कैसे वापस मिलेगा खोया सामान
मेट्रो की सुविधा के बावजूद कई बार लोग जल्दबाजी में अपना सामान मेट्रो में ही भूल जाते हैं। चाहे वह पर्स हो, मोबाइल फोन, लैपटॉप या अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज हो। ऐसे में यात्रियों को यह चिंता सताती है कि अब उनका खोया हुआ सामान कैसे वापस मिलेगा। अगर आप भी मेट्रो में यात्रा के दौरान अपना कोई सामान भूल गए हैं तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। डीएमआरसी के पास इसके लिए एक सुसंगठित प्रक्रिया है। जिसके माध्यम से आप अपना सामान वापस प्राप्त कर सकते हैं।

सबसे पहले नजदीकी मेट्रो स्टेशन पर दें जानकारी
अगर आपका सामान मेट्रो में छूट गया है, तो आपको सबसे पहले अपने नजदीकी मेट्रो स्टेशन पर जाकर कस्टमर केयर सेंटर पर इसकी जानकारी देनी चाहिए। यह जानकारी आपको 48 घंटे के भीतर देनी होगी। स्टेशन पर मौजूद अधिकारी आपकी समस्या को सुनेंगे और खोए हुए सामान का विवरण दर्ज करेंगे। इसके लिए आपको एक ओरिजिनल फोटो आईडी दिखानी होगी और उसकी एक फोटोकॉपी वहां जमा करनी होगी।

48 घंटे के बाद करना होगा लॉस एंड फाउंड विभाग से संपर्क
अगर आप 48 घंटे के भीतर अपने नजदीकी मेट्रो स्टेशन पर पहुंच जाते हैं और कस्टमर केयर सेंटर पर जानकारी देते हैं तो मेट्रो स्टाफ आपकी मदद करेगा। अगर आपका सामान उपलब्ध होता है तो उसे आपको वहीं से वापस दे दिया जाएगा। लेकिन अगर 48 घंटे तक आप मेट्रो स्टेशन पर जाकर शिकायत दर्ज नहीं करते हैं तो आपका सामान डीएमआरसी के "लॉस एंड फाउंड" विभाग को सौंप दिया जाएगा। इसके बाद आपको इस विभाग से संपर्क करना होगा जो दिल्ली के कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पर स्थित है। सोमवार से शनिवार तक सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक काम करता है। यहां आप अपना सामान वापस पाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया को पूरा कर सकते हैं।

अन्य खबरें