नोएडा को तोहफा : 7-एक्स सोसायटीज के बीच वेदवन पार्क बनाने का काम आज शुरू हुआ, यह होंगी खूबियां

नोएडा | 3 साल पहले |

Tricity Today | Noida 7x



Noida News : नोएडा शहर के लोगों को जल्दी एक बड़ा तोहफा मिलेगा। वेदवन पार्क (Ved Van Park) के निर्माण का काम बुधवार से शुरू हो गया है। यह पार्क चारों वेदों (Four Vedas) पर आधारित होगा। इसके अलावा तीन महत्वपूर्ण पार्कों का काम भी जल्द शुरू हो जाएगा। बुधवार को नोएडा प्राधिकरण (Noida Authority) की ओर से यह जानकारी दी है। इसके अलावा शहर में कई और पार्क बनाने की परियोजनाओं पर विकास प्राधिकरण तेजी से काम कर रहा है।

वन और वेदों का संगम देखने को मिलेगा
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि लॉकडाउन के कारण परियोजनाओं में देरी हुई है और अब इनमें तेजी लाई जाएगी। सेक्टर-78 में वेदवन पार्क का निर्माण 28 करोड़ रुपये की लागत से होगा। यह पार्क 12 एकड़ में बनेगा। बुधवार से यहां पर काम शुरू कर दिया गया है। सेक्टर-78 में बनने वाला यह पार्क करीब 12 एकड़ में बनाया जाएगा। यह जंगल की थीम पर बनाया जाएगा। इनमें वेदों के आधार पर पेड़-पौधे लगाए जाएंगे। अधिकतर औषधीय पौधे लगाए जाएंगे। सभी चार वेद के बारे में जानकारी देने के लिए शिलापट लगाए जाएंगे। 

एनसीआर में ऐसा अनोखा पार्क अभी तक नहीं
नोएडा प्राधिकरण अधिकारियों का दावा है कि यह दिल्ली-एनसीआर में ऐसा पार्क नहीं है, जो अनोखा साबित होगा। इसमें प्रवेश निशुल्क रहेगा। इस पार्क के कुछ किलोमीटर के दायरे में ही सेक्टर-74 से 79 के बीच सेवन एक्स सोसाइटी हैं। जिसमें लाखों लोग रहते हैं। ऐसे में चारों ओर सोसाइटीज के बीच बनने वाला यह पार्क अपने आप में अद्भुत होगा। नोएडा प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी इंदु प्रकाश ने बताया कि यह पार्क वेदों से जुड़ी जानकारियां देगा। यहां पर वेदों के आधार पर पेड़-पौधे और झाड़ियां लगाई जाएंगी। अभी तक की योजना के अनुसार करीब 50 हजार झाड़ियां और 1,250 आर्गेनिक पेड़-पौधे लगाए जाएंगे। दीवार पर वेदों के बारे में लिखा जाएगा। लेजर शो के जरिए हर शाम को लोगों के लिए यादगार बनाया जाएगा। 

व्यायाम और दिनचर्या शुरू करने के इंतजाम होंगे
नोएडा छोटी के ओएसडी इंदु प्रकाश ने बताया कि इस पार्क में ओपन जिम, एम्फीथियेटर और खान-पान के लिए रेस्टोरेंट की व्यवस्था की जाएगी। लोगों के घूमने के लिए पैदल पार पथ बनेगा। ओएसडी ने बताया कि डेढ़ से दो साल में पार्क बनकर तैयार हो जाएगा। सेक्टर-33ए शिल्प हाट के पास एक चिल्ड्रन पार्क विकसित किया जाएगा। इसके निर्माण में 8 करोड़ रुपये खर्च होंगे। कालिदी कुंज के पास "वेस्ट टू वंडर पार्क" की योजना बनाई जा रही है। यहां लकड़ी और प्लास्टिक वेस्ट के जरिए इसका निर्माण किया जाएगा। सेक्टर-137 और सेक्टर-33 में पार्क पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल पर बनाए जाएंगे।

बच्चों के लिए भूल भुलैया पार्क भी बनाया जाएगा
वहीं, शहर में बच्चों के लिए मनोरंजन की कोई सुविधा नहीं है। इसे ध्यान में रखते हुए नोएडा अथॉरिटी की सीईओ ऋतु माहेश्वरी ने आदेश दिया था कि शिल्प हाट के पास एक एडवेंचर पार्क विकसित किया जाए। इसका डिजाइन नियुक्त सलाहकार ने प्रस्तुत किया है। जल्द ही लागत विवरण को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसमें बच्चों के लिए एक भूलभुलैया भी बनाई जाएगी।

 

अन्य खबरें