काम की खबर : जनता की आवाज बुलंद करेगा PoGoSo एप, नोएडा में हुआ लॉन्च

नोएडा | 4 महीना पहले | Nitin Parashar

Tricity Today | प्रेस वार्ता



Noida News : आज के डिजिटल युग में नागरिकों और उनके चुने हुए प्रतिनिधियों के बीच संवाद की खाई को पाटने के लिए एक नई मोबाइल एप्लिकेशन 'PoGoSo' का शुभारंभ किया गया। इसकी लॉन्चिंग नोएडा मीडिया क्लब में की गई। यह एप नोएडा के निवासियों को अपनी परेशानियों, सुझावों और अपेक्षाओं को रखने का एक प्लेटफॉर्म प्रदान करेगा। PoGoSo (पीपुल गवर्नेंस सोशल) की टीम नोएडा के जनप्रतिनिधियों, नोएडा प्राधिकरण और अन्य सरकारी एजेंसियों के साथ मिलकर जनता की समस्याओं के समाधान का काम करेगी। इस एप को आईआईटी रुड़की और आईआईएम अहमदाबाद के पूर्व छात्रों द्वारा स्थापित किया गया है और आईआईटी दिल्ली के वरिष्ठ पूर्व छात्र भी इसके मार्गदर्शक हैं।

समस्याओं के समाधान पर दिया जाएगा जोर
PoGoSo के सह-संस्थापक अजय शर्मा ने कहा, "देश में अभी हाल ही में लोकसभा चुनाव संपन्न हुए हैं। जनसामान्य को अपने चुने हुए प्रतिनिधियों से बड़ी उम्मीद होती है कि वे उनकी आकांक्षाओं और आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए आवाज बुलंद करेंगे। यही लोकतंत्र का आधार है। लेकिन वास्तविकता में जनप्रतिनिधि अपने पांच वर्षों के कार्यकाल में कितना ही समय जनता के बीच रहते हैं। हम इस एप के जरिए लोगों को उनके चुने हुए प्रतिनिधियों से जुड़ने और उनकी आवाज को उनके पास पहुंचाने का एक मंच देना चाहते हैं, ताकि उन्हें अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए 5 वर्ष तक इंतजार न करना पड़े।"

PoGoSo का फायदा
PoGoSo के सीईओ कुंवर राव नारायण सिंह ने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक का उपयोग करके यह एप करोड़ों लोगों की समस्याओं, सुझावों और आकांक्षाओं को एकत्रित कर सकेगा। इससे जनप्रतिनिधि और अधिकारी सही फैसले ले सकेंगे और योजनाएं बना सकेंगे। अगर एक प्रतिनिधि पूरा समय भी जनता के बीच घूमता रहे तो भी अपने क्षेत्र के सभी मतदाताओं के मन की बात जानना उसके लिए संभव नहीं है। लेकिन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी तकनीक से यह संभव हो सकता है।

अन्य खबरें