नोएडा पुलिस को बड़ी कामयाबी: मध्य प्रदेश से रिश्वत लेने आए तीन पुलिस वाले गिरफ्तार, शहर के दो बड़े बिजनेसमैन भी पकड़े गए, सनसनीखेज है पूरा मामला

नोएडा | 3 साल पहले | Mayank Tawer

Google Image | Noida Police arrests 3 Policemen of Madhya Pradesh Police



नोएडा पुलिस ने रविवार की सुबह एक बड़ा ऑपरेशन किया है। मध्य प्रदेश से शहर में रिश्वत लेने आए तीन पुलिसकर्मी और उनके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों शहर के बड़े कारोबारी हैं। नोएडा पुलिस ने गिरफ्तारी करने के बाद सभी 5 लोगों को थाना सेक्टर-20 ले जाकर पूछताछ की है। पुलिस कर्मियों के खिलाफ एक्सटॉर्शन करने, झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पांचों अभियुक्तों को जिला न्यायालय के सामने पेश किया जा रहा है।

गौतमबुद्ध नगर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश से एक्सटॉर्शन करने नोएडा आए सब इंस्पेक्टर सहित 3 पुलिस कर्मी गिरफ्तार किए गए हैं। नोएडा पुलिस ने शहर के 2 बड़े बिजनेसमैन भी गिरफ्तार किए हैं। पुलिस ने बताया कि 18 दिसम्बर को सेक्टर-18 में मध्य प्रदेश पुलिस की साइबर क्राइम सेल एक मामले में जांच करने आई थी। इन पुलिसकर्मियों से पिस्टल लूट ली गई थी। मध्य प्रदेश पुलिस की ओर से यह जानकारी नोएडा पुलिस को दी गई थी। इसके बाद नोएडा पुलिस ने पूरे प्रकरण की छानबीन शुरू की।

पुलिस आयुक्त कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश पुलिस की टीम के साथ यह कथित वारदात शहर के सेक्टर-20 थानाक्षेत्र में हुई थी। लिहाजा थाना पुलिस को तेजी के साथ मामले में जांच करने का आदेश दिया गया। जांच-पड़ताल में पुलिस को पता चला कि मध्य प्रदेश पुलिस की साइबर क्राइम ब्रांच ने एक बैंक खाता सीज किया है। यह बैंक खाता मध्य प्रदेश पुलिस ने सीज़ किया है। इस पूरे मामले को निपटाने और बैंक एकाउंट दोबारा शुरू करने की एवज में पुलिस वालों ने 22 लाख रुपये की रिश्वत तय की थी। इसी पैसे का एक्सटॉर्शन करने मध्य प्रदेश पुलिस की पुलिस टीम नोएडा आई थी।

नोएडा के दो कारोबारियों का यह बैंक खाता सीज किया गया था। इन्हीं कारोबारियों से 22 लाख रुपये में यह डील हुई थी। दूसरी ओर खाता धारक कारोबारियों ने मध्य प्रदेश पुलिस की टीम को पहले 22 लाख रुपये रिश्वत देने और फिर वापस लूटने की योजना बनाई थी। इसी लूटपाट में पुलिस टीम से पिस्टल भी लूट ली गई। अब नोएडा के सेक्टर-20 थाने की पुलिस ने रविवार को इस मामले में मध्य प्रदेश से आए सब इंस्पेक्टर समेत 3 पुलिसकर्मी को रिश्वत लेने, दो कारोबारियों हो को रिश्वत देने और फिर षड्यंत्र रच कर लूटपाट करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।

अन्य खबरें