Shrikant Tyagi Issue : ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी में लोगों ने निकाला कैंडल मार्च, कहा- हम महिलाओं के सम्मान में आगे आए

नोएडा | 2 साल पहले | Mayank Tawer

Tricity Today | ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी में लोगों ने निकाला कैंडल मार्च



Noida : श्रीकांत त्यागी मामले एक बार फिर गरमा गया है। शनिवार की देर शाम को नोएडा के सेक्टर-93 में स्थित ग्रैंड ओमेक्स हाउसिंग सोसायटी के लोगों ने कैंडल मार्च निकाला है। सोसायटी के निवासियों ने महिलाओं के सम्मान में यह कैंडल मार्च निकाला है। शाम करीब 7:00 बजे सोसायटी के निवासियों ने कैंडल मार्च निकालना शुरू किया और 7:30 बजे तक सोसाइटी के प्रांगण में मौजूद रहे। इस दौरान काफी संख्या में बुजुर्ग और बच्चे भी इस कैंडल मार्च में शामिल हुए। लोगों ने महिलाओं के सम्मान में नारे लगाते हुए कहा, "हम होंगे कामयाब, एक दिन मन में है विश्वास और पूरा है विश्वास, नहीं डर किसी का।" इस दौरान लोगों ने अपने हाथ में मोबाइल की टॉर्च जला कर कैंडल मार्च निकाला है।
श्रीकांत त्यागी के घर पर चला था प्राधिकरण का बुलडोजर
बीते 5 अगस्त 2022 को श्रीकांत त्यागी ने सोसाइटी में एक महिला के साथ अभद्रता की थी। इस मामले के बाद श्रीकांत त्यागी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। इसी दौरान ही श्रीकांत त्यागी की बालकनी पर नोएडा अथॉरिटी का पीला पंजा चला था। जिसमें बताया गया था कि श्रीकांत त्यागी ने गलत तरीके से बालकनी पर कब्जा किया हुआ है। इसी वजह से इसको तोड़ा गया है।

अधिकारियों की कार्यशैली पर उठाए सवाल
हाल में ही श्रीकांत त्यागी की पत्नी ने सोशल प्लेटफॉर्म ट्विटर पर एक वीडियो साझा की थी। वीडियो में दिख रहा था कि दो मकान वालों ने बालकनी को पूरी तरीके से उसी तरीके से कवर किया हुआ है, जिस तरीके से श्रीकांत त्यागी ने किया था। इस पर प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यवाही पर अनु त्यागी ने सवाल खड़े किए थे। 

अनु त्यागी ने ट्विटर पर क्या लिखा
अनु त्यागी ने ट्वीट करते हुए कहा था, "ये एक वीडियो है। जिसमें सिर्फ 2 घर दिखाई दे रहे हैं। ऐसा एक और फ्लैट भी है। मेरे घर की बालकनी टूटी तो इनके घर की बालकनी भी टूटनी चाहिए थी।" उन्होंने आगे लिखा, "मैं नहीं चाहती कि किसी का घर टूटे, लेकिन मुझे इंसाफ चाहिए। मेरे साथ जो अन्याय हुआ है, उसके लिए मुझे इंसाफ चाहिए। क्या मेरा घर तुड़वा कर मिठाई बांटना सही था?" इसी पोस्ट के साथ अनु त्यागी ने एक वीडियो भी ट्विटर पर शेयर किया।

अन्य खबरें