चर्चा में श्रीकांत त्यागी : कहा- रावण के पुतले का नहीं करने देंगे दहन, अगर किसी ने किया तो...

नोएडा | 1 साल पहले | Nitin Parashar

Google Image | श्रीकांत त्यागी



Noida Desk : नोएडा में महिला के साथ बदसलूकी के बाद चर्चा में आए पूर्व भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी एक बार फिर सुर्खियों में है। लगातार वेस्ट यूपी का दौरा कर राजनीति में सक्रिय हो रहे हैं। हाल में सहारनपुर के दौरे के दौरान श्रीकांत त्यागी का ताजा बयान चर्चा का विषय बन गया है। श्रीकांत त्यागी ने कहा कि भारत के अंदर अब रावण के पुतले का दहन नहीं होने दिया जाएगा। इसको लेकर अब रामलीला कमेटियों को पत्र लिखा जाएगा। साथ ही रावण दहन किया तो त्यागी ब्राह्मण समाज मुकदमा दर्ज कराएगा।
श्रीराम ने भी रावण को विद्वान माना : त्यागी
श्रीकांत त्यागी ने कहा कि रावण ब्राह्मण थे, बुद्धिमान और ज्ञानी थे। भगवान श्रीराम ने भी रावण को विद्वान माना था। उनके पास अपने भाई लक्ष्मण को ज्ञान लेने भेजा था। ऐसे में जिनके अंदर श्रीराम के कोई गुण नहीं, वे लोग राम बनकर रावण का पुतला दहन करते हैं। इससे हम ब्राह्मणों की भावनाएं आहत होती हैं। पुतला दहन करना है तो दुशासन और दुर्योधन का किया जाए। अगर अब कहीं रावण का पुतला दहन किया जाएगा तो हमारा संगठन धरातल पर उतर कर विरोध करेगा।

कौन है श्रीकांत त्यागी
श्रीकांत त्यागी ने नोएडा के सेक्टर-93बी में स्थित ग्रैंड ओमेक्स हाउसिंग सोसाइटी में बालकनी को कवर किया था और बालकनी के आसपास काफी संख्या में पेड़-पौधे लगाए हुए थे। बीते 5 अगस्त को सोसाइटी में रहने वाली एक महिला ने वहां से एक पौधा उखाड़ दिया था। जिसके बाद श्रीकांत त्यागी मौके पर आ गए और महिला से पेड़ उखाड़ने वाली बात पर उलझ गए। इसी दौरान महिला ने कहा कि उसने अवैध कब्जा किया हुआ है। इसी बात को लेकर श्रीकांत त्यागी और महिला के बीच नोकझोंक बढ़ गई। श्रीकांत ने महिला के साथ बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। इस विवाद के बाद श्रीकांत त्यागी को जेल जाना पड़ा था।

अन्य खबरें