नोएडा में रामलीला : सात अक्टूबर को निकलेगी श्रीराम की बारात, 12 को होगा रावण दहन

नोएडा | 2 घंटा पहले | Nitin Parashar

Tricity Today | Symbolic



Noida News : सेक्टर-62 स्थित रामलीला मैदान में इस वर्ष फिर से रामलीला का रंग छाने वाला है। श्रीराम मित्र मंडल नोएडा रामलीला समिति द्वारा आयोजित 11 दिवसीय रामलीला महोत्सव का शुभारंभ 3 अक्टूबर से होगा। समिति के महासचिव मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद डॉ. महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह करेंगे।

पहला दिन 
पहले दिन गणेश पूजन, नारद मोह और पृथ्वी पर राक्षसों के उत्पात का मंचन होगा। अगले दिनों में राम जन्म, विश्वामित्र के साथ राम-लक्ष्मण का वन गमन, सीता स्वयंवर जैसे प्रसंग दिखाए जाएंगे। 7 अक्टूबर को सेक्टर-20 के हनुमान मंदिर से श्रीराम की बारात निकाली जाएगी, जो शाम तक रामलीला मैदान पहुंचेगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रम
रामलीला के अंतिम दिनों में राम-रावण युद्ध, रावण वध और राम राज्याभिषेक के दृश्य प्रस्तुत किए जाएंगे। 12 अक्टूबर को दशहरा उत्सव के अवसर पर रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। महोत्सव का समापन 13 अक्टूबर को राम राज्याभिषेक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ होगा।

विशेष डांडिया उत्सव
समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतनारायण गोयल ने बताया कि लीला मंचन मुरादाबाद की प्रसिद्ध जानकी कला मंच मंडली के 55 कलाकारों द्वारा किया जाएगा। सहकोषाध्यक्ष अनिल गोयल ने कहा कि कलाकारों को मुरादाबाद में प्रतिदिन अभ्यास करवाया जा रहा है। इस वर्ष के रामलीला महोत्सव में कई नए आकर्षण होंगे। 7 अक्टूबर को निकलने वाली बारात में कई सेक्टरों और गांवों से लोग शामिल होंगे। 13 अक्टूबर को राम राज्याभिषेक के बाद विशेष डांडिया उत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सैकड़ों लोगों के भाग लेने की उम्मीद है।

अन्य खबरें