बहनों को रक्षाबंधन की सौगात : यूपी और हरियाणा रोडवेज बसों फ्री में करें सफर, 48 घंटे तक...

नोएडा | 9 महीना पहले | Subodh Kumar

Google Image | symbolic Image



Noida Desk : यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने रक्षाबंधन के पर्व पर बहनों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम की सभी बसों में महिलाओं को नि:शुल्क यात्रा का उपहार दिया है। यह सुविधा 29 अगस्त की रात 12 बजे से 31 अगस्त की रात 12 बजे तक जारी रहेगी। यह जानकारी राज्य के प्रमुख सचिव एल. वैंकटेश्वर लू ने दी। 

प्रमुख सचिव एल. वैंकटेश्वर लू ने बताया ​कि रक्षाबन्धन पर्व के सुअवसर पर परिवहन निगम की समस्त बसों में महिलाओं को 29 अगस्त की रात 12 बजे से 31 अगस्त की रात्रि 12 बजे तक निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि 25 अगस्त को जारी आदेश को संशोधित करते हुए बीते वर्षों की तरह इस वर्ष भी रक्षाबन्धन पर्व पर परिवहन निगम की समस्त बसों में महिलाओं को निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान करने का शासन ने निर्णय लिया है। उन्होंने यूपी रोडवेज के प्रबंध निदेशक को निर्देश दिए हैं कि सरकार के इस आदेश का पालन सुनिश्चित कराया जाए। 

हरियाणा में भी बहनों को खट्टर सरकार का उपहार
दूसरी ओर, हरियाणा सरकार ने भी महिलाओं को रक्षाबंधन का ‘मनोहर’ तोहफा देते हुए हरियाणा परिवहन की बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा देने का निर्णय लिया है। डीसी विक्रम सिंह ने बताया कि हरियाणा राज्य परिवहन द्वारा जनहित में पिछले कई वर्षों से रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं को मुफ्त यात्रा सुविधा प्रदान की जा रही है। इस वर्ष भी महिलाएं अपने 15 साल तक के बच्चों के साथ इस नि:शुल्क यात्रा सुविधा का लाभ ले सकती हैं। यात्रा की सुविधा 29 अगस्त को दोपहर 12 बजे से आरंम्भ होगी तथा 30 अगस्त रक्षाबंधन के दिन मध्य रात्रि 12 बजे तक रहेगी। यह सुविधा साधारण व स्टैंडर्ड बसों में दी जाएगी।

अन्य खबरें